युवक की संदिग्ध हालात में जलकर मौत
नई दिल्ली, 15 मार्च (हि.स.)। बाहरी दिल्ली के किराड़ी, रतन विहार इलाके में होली के दिन एक युवक की संदिग्ध हालात में जल कर मौत हो गई। मृतक की पहचान 25 वर्षीय मनदीप खत्री के तौर पर हुई है। पुलिस को उसका शव पहली मंजिल पर बने कमरे में बेड पर जली अवस्था में मिला। वह बैड पर बैठी हुई अवस्था में था और शरीर पर एक भी कपड़ा नहीं था। कमरे में चारों ओर सामान जला हुआ पड़ा था। पुलिस आत्मदाह और हादसा दोनों ही पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। शव का पोस्टमार्टम करा दिया गया है। रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल पाएगा। हालांकि यह भी बताया जा रहा है कि मच्छर मारने वाली कॉइल से बिस्तर में आग लगने से हादसा हुआ। फिलहाल राज पार्क थाना पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के बाद मृतक के परिजनों को सौंप दिया है।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि मंदीप अपने परिवार के साथ रतन विहार इलाके में रहता था। मंदीप के परिवार में पिता शक्ति सिंह व मां के अलावा उसके भाई और बहन है।
पुलिस को मंदीप के भाई ने बताया कि भूतल के ऊपर एक छोटा कमरा बना हुआ है। मंदनी उसी में रहता था जबकि परिवार के अन्य सदस्य ग्राउंड फ्लोर पर रहते हैं। मनदीप छोटी होली वाले दिन परिवार के साथ होलिका दहन के लिए गया था। उसने रात करीब 1.30 बजे फोन पर इसका स्टेटस लगाया और सोने के लिए ऊपर चला गया। सुबह करीब 5.33 बजे कमरे से धुआं निकलते हुए देख पड़ोसियों ने शोर मचाया और उन्हें भी सूचना दी। जिसके बाद सभी उपर पहुंचे, जहां कमरे का गेट अंदर से बंद था। लोगों ने तुरंत पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी।
फायर स्टेशन ऑफिसर भूपेंद्र स्टाफ के साथ तुरंत मौके पर पहुंच गए। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। कमरे में एक युवक बेड पर जली अवस्था में मिला।
पुलिस ने उसे तुरंत संजय गांधी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मृतक की पहचान मंदीप के तौर पर की। कमरे में कुछ चीजें संदिग्ध होने के चलते दिल्ली पुलिस की क्राइम टीम ने एफएसएल की मदद से साक्ष्य जुटाए हैं।
सूत्रों के मुताबिक जिस कमरे में आग लगी वहां रखा ज्यादातर सामान सुरक्षित था। आग केवल बिस्तर पर और आसपास सामान में लगी थी। जिसे कुछ ही देर में बुझा दिया गया। पुलिस भी हैरान है कि आखिर मंदीप ने आग लगने के बाद भागने की कोशिश क्यों नहीं की। पुलिस को वह बेड पर बैठी हुई अवस्था में मिला है। एक और हैरानी की बात है कि उसके शरीर पर एक भी कपड़ा नहीं था।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी