दिल्ली राज्य हज कमेटी ने किया इफ्तार का आयोजन, किरेन रिजिजू और रेखा गुप्ता समेत कई नेता हुए शामिल

 | 
दिल्ली राज्य हज कमेटी ने किया इफ्तार का आयोजन, किरेन रिजिजू और रेखा गुप्ता समेत कई नेता हुए शामिल


नई दिल्ली, 15 मार्च (हि.स.)। दिल्ली राज्य हज कमेटी की ओर से शनिवार को राजधानी में इंडिया इस्लामिक कल्चरल सेंटर में रोजा इफ्तार का आयोजन किया गया। इसमें दिल्ली हज कमेटी की चेयरमैन कौशर जहां, केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मामलों के मंत्री किरेन रिजिजू, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता, उपाध्यक्ष मोहन सिंह बिष्ट समेत कई मंत्री, सांसद और विधायक तथा गणमान्य लोग शरीक हुए।

इस अवसर पर पत्रकारों से बातचीत में केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मामलों के मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि रमजान का पवित्र महीना चल रहा है। इस दौरान इफ्तार की पार्टियां जगह-जगह होती हैं। यहां पर दिल्ली हज कमेटी की तरफ से चेयरमैन कौशर जहां ने बेहतरीन आयोजन किया है। इसमें शरीक होने का मुझे भी मौका मिला। हम लोग देश के लिए मिलजुल कर कार्य करेंगे। हम लोग अपना कार्य कैसे बेहतर करें, इसके लिए हम मुस्लिम समुदाय के मौलाना और दूसरे गणमान्य लोगों से परामर्श करते रहते हैं। उन्होंने कहा कि कौशर जहां की अध्यक्षता में दिल्ली हज कमेटी बहुत अच्छा कार्य कर रही है।

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि सामाजिक सद्भभाव के साथ देश आगे बढ़े और तरक्की करे। भारत बहुत बड़ा लोकतंत्र है। इस देश में सबके लिए जगह है। इस लोकतंत्र में हम सबको प्रेम और सौहार्द्र के साथ आगे बढ़ना चाहिए।

दिल्ली विधानसभा के अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने कहा कि कौशर जहां ने यहां बहुत बेहतरीन इफ्तार पार्टी की है। इससे दिल्ली सरकार के सामाजिक सौहार्द्र की झलक साफ दिखाई देती है। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि मैं चाहता हूं कि दिल्ली विधानसभा के आगामी बजट सत्र में स्वस्थ्य चर्चा हो। जनता ने जिन्हें चुनकर विधानसभा में भेजा है, उन्हें सदन की गरिमा को बनाकर रखना है, मैं उन सभी सदस्यों से सहयोग की अपेक्षा करता हूं।

दिल्ली विधानसभा के उपाध्यक्ष मोहन सिंह बिष्ट ने कहा कि होली और रमज़ान का महीना भाईचारे और सद्भावना को बढ़ावा देता है। आम आदमी पार्टी के नेताओं द्वारा दिल्ली की भाजपा सरकार पर लगाए गए आरोपों पर उन्होंने कहा कि जो लोग 11 साल तक सत्ता में रहे, वे अभी भी सत्ता की लालसा से उबर नहीं पाए हैं। हमने (भाजपा) जो भी वादे किए हैं, उन्हें शत-प्रतिशत पूरा किया जाएगा। अदालत ने साबित कर दिया है कि आम आदमी पार्टी के लोग भ्रष्टाचार में लिप्त हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दधिबल यादव