रूस-यूक्रेन ने रिहा किए सैकड़ों लोग, संघर्ष विराम की दिशा में बड़ा कदम
कीव/मॉस्को, 20 मार्च (हि.स.)। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के रूस और यूक्रेन के बीच जारी युद्ध को रोकने के प्रयासों को बड़ी सफलता मिली है। रूस ने यूक्रेन के 175 और यूक्रेन ने रूस के इतने ही कैद किए गए लोगों को रिहा कर दिया। इसे ट्रंप की संघर्ष विराम की कोशिश की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है। अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप दोनों देशों के अपने समकक्षों से फोन पर वार्ता कर चुके हैं।
जेलेंस्की ने कहा- यह बड़ा दिन
यूक्रेन के राष्ट्रपति व्लादिमीर जेलेंस्की ने एक्स पर 24 घंटे पहले की गई पोस्ट में कहा कि आज बड़ा दिन है। रूस ने हमारे 175 रक्षकों को कैद से रिहा कर दिया है। अन्य 22 रक्षक आदान-प्रदान से परे उपायों के माध्यम से घर लौट रहे हैं। उनमें गंभीर रूप से घायल योद्धा और वह लोग शामिल हैं जिन्हें रूस ने मनगढ़ंत अपराधों के लिए सताया। इन सभी को तुरंत आवश्यक चिकित्सा और मनोवैज्ञानिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। जेलेंस्की ने इस जानकारी के साथ कुछ फोटो भी अपलोड किए हैं। जेलेंस्की ने इसके लिए संयुक्त अरब अमीरात का भी आभार जताया है। उन्होंने कहा कि यूक्रेन अपने सभी नागरिकों को स्वदेश लाने के लिए प्रतिबद्ध है।
पुतिन ने ट्रंप से वार्ता के दौरान की अदला-बदली की घोषणा
रूस की सरकारी समाचार एजेंसी तास के अनुसार, रक्षा मंत्रालय ने 19 मार्च को कहा कि मॉस्को और कीव ने कैदियों की अदला-बदली की है। इनमें रूस के 175 और यूक्रेन के 175 कैदी शामिल हैं। सद्भावना के तौर पर रूस ने यूक्रेन को 22 गंभीर रूप से घायल युद्धबंदियों को भी सौंप दिया। इस अदला-बदली की घोषणा रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने अपने अमेरिकी समकक्ष डोनाल्ड ट्रंप के साथ टेलीफोन पर बातचीत के दौरान की। उल्लेखनीय है कि यूक्रेन की कैद से रिहा लोगों का फोटो तास ने रूस के रक्षा मंत्रालय के सौजन्य से जारी किया है।
कीव ने कहा- हमले बंद नहीं हो रहे
जेलेंस्की ने एक्स पर एक अन्य पोस्ट में दावा किया यूक्रेन पर रूस के हमले बंद नहीं हो रहे। हर दिन और हर रात लगभग सौ या उससे ज्यादा ड्रोन हमले हो रहे हैं। इससे दुनिया के सामने मॉस्को का असल चेहरा सामने आ रहा है। कल रात रूस ने लगभग 200 ड्रोन हमले किए। इन हमलों के दौरान किरोवोहराद क्षेत्र के चार बच्चों सहित 10 लोग घायल हो गए। कई घरों, एक चर्च और बुनियादी ढांचे को नुकसान पहुंचा।
ट्रंप ने कहा- जल्द रुक जाएगा रक्तपात
तास के अनुसार, यूक्रेन में अमेरिका की युद्ध विराम की कोशिशों के बीच रूसी राष्ट्रपति के प्रवक्ता दिमित्री पेसकोव ने कहा कि यूरोप सैन्यीकरण में डूब गया है। यह मॉस्को और वाशिंगटन की शांतिपूर्ण समाधान के प्रति प्रतिबद्धता के बिल्कुल विपरीत है। इस घटनाक्रम के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने रूसी नेता व्लादिमीर पुतिन और यूक्रेन के व्लादिमीर जेलेंस्की के साथ फोन पर अपनी हालिया बातचीत को बहुत अच्छा बताया है। ट्रंप ने विश्वास जताया है कि जल्द ही रक्तपात रोकने पर एक समझौता हो जाएगा।
--------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकुंद