बेसहारा मवेशियों से हो रही परेशानी, डेयरी व्यवसायियों से बातचीत रही बेनतीजा

 | 
बेसहारा मवेशियों से हो रही परेशानी, डेयरी व्यवसायियों से बातचीत रही बेनतीजा


धमतरी, 20 मार्च (हि.स.)। शहर की सड़कों, गलियों तथा बाजारों के पास घूमने वाले बेसहारा मवेशियों से हर काेई हलकान है। नगर निगम प्रशासन, पुलिस प्रशासन, आम नागरिक, व्यवसायी समेत वाहन चालक शामिल है। यह सालों से समस्या बनी हुई है, इससे निजात दिलाने अब नगर निगम प्रशासन ऐसे बेसहारा मवेशियों की धर-पकड़ कर शहर से 10 किलोमीटर दूर छोड़ेगा।

शहर के भीतर बड़ी संख्या में डेयरी संचालित है, यहां मवेशी व गाय रखे हुए हैं। इसके अलावा कई गाय भी पाल रखे हैं। ऐसे लोग मवेशियों को घरों में बांधकर रखने की बजाय शहर में खूला छोड़ देते हैं, जो सभी वर्गाें के लिए मुसीबत बनी हुई है। बेसहारा मवेशी बाजार, सड़क, चौक-चौराहों व गलियों में घूमता रहता है। सब्जी व्यवसायी, दुकानदार, वाहन चालक समेत सभी परेशान रहते हैं। बेसहारा मवेशियों के कारण सड़कों पर आए दिन दुर्घटनाएं होती है, इसके बाद भी मवेशी मालिक अपने मवेशियों को बांधकर रखने के लिए गंभीर नहीं है। जबकि ट्रैफिक पुलिस व नगर निगम ऐसे मवेशी मालिकों के ऊपर कई बार शिकंजा कस चुके हैं, लेकिन असर नहीं पड़ा है। यही वजह है कि आज भी बड़ी संख्या में मवेशी शहर के भीतर व सड़कों पर झुंड में नजर आती है। ऐसे मवेशी मालिकों के खिलाफ शिकंजा कसने अब नगर निगम की ओर से एक नया पहल की जा रही है।

महापौर रामू रोहरा ने बताया कि, शहर के भीतर घूमने वाले बेसहारा मवेशियों को पकड़कर अब शहर से 10 किलोमीटर दूर छोड़ा जाएगा, इसके लिए मवेशी मालिक स्वयं जिम्मेदार रहेंगे। क्योंकि मवेशी मालिकों को निगम की ओर से कई बार चेतावनी भी दिए जा चुके हैं, लेकिन वे गंभीर नजर नहीं आ रहे हैं। यही वजह है कि निगम ऐसे मवेशी मालिकों पर शिकंजा कसने इस तरह निर्णय लिया है। नगर निगम कार्यालय धमतरी में गोकुल नगर को लेकर निगम के अधिकारी-कर्मचारियों ने शहर के डेयरी संचालकों की बैठक ली है। पहले से ग्राम सोरम व भटगांव में गोकुल नगर बसाया जा चुका है। यहां लाखों रुपये खर्च भी हो चुका है, लेकिन डेयरी संचालक जाने तैयार नहीं है। जबकि यहां के मिट्टी व स्थल का निरीक्षण को मवेशियों के लिए अनुकूल बताया गया है, इसके बाद भी डेयरी संचालक जाने तैयार नहीं है। निगम कार्यालय में हुई बैठक में डेयरी संचालकों को सोरम-भटगांव, बलियारा और श्यामतराई के लिए पुन: आप्शन दिया गया है। डेयरी संचालकों के अनुसार इन जगहों पर गोकुल नगर बसाने की कवायद शुरू होगी।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा