धमतरी में पंचायत सचिवों ने सरकार की सदबुद्धि के लिए गायत्री यज्ञ किया

धमतरी, 27 मार्च (हि.स.)।ग्राम पंचायत के सचिवों ने अनिश्चितकालीन हड़ताल के दसवें दिन 27 मार्च को गांधी मैदान में राज्य सरकार की सदबुद्धि के लिए गायत्री यज्ञ किया। इस दौरान यज्ञाचार्य एम आर निषाद ने गायत्री यज्ञ करवा कर यज्ञ में सरकार को जगाने विशेष आहुति दी । धमतरी ब्लाक के पंचायत सचिव 18 मार्च से शासकीयकरण की मांग को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल में बैठे है। इसी कड़ी में गुरुवार को पंचायत सचिवों ने गांधी मैदान में सरकार की सदबुद्धि के लिए गायत्री यज्ञ कर हवन में विशेष आहुति डाली।
पंचायत सचिव संघ के अशोक कुमार साहू, होरी लाल साहू, कोमल नेताम, हेमंत साहू, पूर्णिमा साहू ने बताया कि सरकार को जगाने के लिए गायत्री यज्ञ किए है। संघ द्वारा कई वर्षों से पंचायत सचिवों के शासकीयकरण करने की मांग की जा रही है। लेकिन सरकार इसको लेकर गंभीर नहीं दिख रही है। इसलिए सरकार की सदबुद्धि के लिए गायत्री यज्ञ में विशेष आहुति दिए है। भाजपा ने विधानसभा चुनाव में मोदी की गारंटी में शासकीयकरण करने की बात कहीं थी। आज दिनांक तक शासन की ओर इस पर कोई पहल नहीं किया गया। इस गायत्री यज्ञ में धमतरी ब्लाक के पंचायत सचिव उपस्थित थे।
हड़ताल की वजह से ग्राम पंचायतों के कार्य हो रहे प्रभावित:ग्राम पंचायत सचिवों के अनिश्चिकालीन हड़ताल में जाने से जन्म - मृत्यु प्रमाण पत्र, आय - जाति प्रमाण पत्र, पीएम आवास सर्वे, पेयजल समस्या, आरटीई में प्रवेश के पूर्व बीपीएल प्रमाण पत्र, पंचायत क्षेत्र के निर्माण कार्य पूरी तरह से प्रभावित है। जिले में 300 से अधिक सचिव ग्राम पंचायत में कार्यरत है। जिसमें धमतरी ब्लाक के ग्राम पंचायतों में कुल 80 पंचायत सचिव कार्यरत है।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा