home page

“बंग विद्यार्थी” की कार्यशाला में विद्यार्थियों को मिला पत्रकारिता का व्यावहारिक प्रशिक्षण

 | 
“बंग विद्यार्थी” की कार्यशाला में विद्यार्थियों को मिला पत्रकारिता का व्यावहारिक प्रशिक्षण


कोलकाता, 11 अप्रैल (हि.स.): कक्षा की पढ़ाई और वास्तविक पत्रकारिता के बीच के अंतर को समझाने के उद्देश्य से “बंग विद्यार्थी” की ओर से बारासात में शनिवार को पत्रकारिता कार्यशाला का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम समाचार एजेंसी 'हिन्दुस्थान समाचार' और न्यूज पोर्टल 'माध्यम' के संयुक्त सहयोग से आयोजित किया गया।

“मीडिया कॉन्क्लेव – इंटर्नशिप ओरिएंटेशन फॉर स्टूडेंट्स ऑफ जर्नलिज्म, मास कम्युनिकेशन एंड मीडिया साइंसेज” शीर्षक कार्यशाला का आयोजन बारासात के सुभाष इंस्टीट्यूट हॉल में किया गया, जिसमें दिनभर विभिन्न शिक्षण संस्थानों के छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। इसमें पत्रकारिता के विद्यार्थियों के साथ-साथ उच्च माध्यमिक परीक्षार्थी और सूचना प्रौद्योगिकी के छात्र भी शामिल हुए।

कार्यशाला में 'माध्यम' न्यूज़ पोर्टल के कृष्णेंदु बक्सी, 'अमादेर भारत' पोर्टल के प्रदीप दास, आईटी विशेषज्ञ प्रणव बैठंकर, हिंदुस्थान समाचार बांग्ला डेस्क के उप संपादक सौम्यजीत चक्रवर्ती और बंग विद्यार्थी के देवांजन पाल सहित कई विशेषज्ञों ने भाग लिया।

इस दौरान प्रतिभागियों को समाचार लेखन के मूलभूत सिद्धांत, सोशल मीडिया मॉनिटरिंग, डेटा जर्नलिज्म जैसे विषयों पर जानकारी दी गई। साथ ही, फर्जी खबरों की पहचान करने के तरीके भी व्यावहारिक रूप से सिखाए गए।

कार्यक्रम की खास बात यह रही कि चयनित इच्छुक और योग्य प्रतिभागियों को 15 दिनों के लिए समाचार माध्यमों में इंटर्नशिप का अवसर भी प्रदान किया गया, ताकि वे वास्तविक कार्य अनुभव प्राप्त कर सकें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय