‘नौकरी और जमीन’ के नाम पर ठगी का आरोप, तृणमूल सदस्य के घर का घेराव
कूचबिहार, 25 जून (हि. स.)। जिले में कथित भ्रष्टाचार को लेकर गुरुवार को बड़ा बवाल देखने को मिला। माथाभांगा के भोगरामगुड़ी इलाके में तृणमूल कांग्रेस के पंचायत सदस्य श्यामल बर्मन उर्फ कमलकांत बर्मन के खिलाफ स्थानीय लोगों ने जोरदार प्रदर्शन किया और उनके घर का घेराव किया।
आरोप है कि उन्होंने नौकरी दिलाने और जमीन विवाद सुलझाने के नाम पर लोगों से लाखों रुपये वसूले। एक युवक ने दावा किया कि 2016 में उससे साढ़े आठ लाख रुपये लिए गए, लेकिन न नौकरी मिली और न ही पूरा पैसा वापस हुआ। अब भी करीब चार लाख रुपये बकाया है।
वही, ग्रामीणों ने जमीन विवाद और विकास कार्यों में भी अनियमितता के आरोप लगाए है। प्रदर्शन के दौरान कुछ लोगों के हाथ में भाजपा के झंडे भी देखे गए, जिससे मामला राजनीतिक रंग ले गया।
आरोपित फिलहाल इलाज के लिए राज्य से बाहर बताया जा रहा है, जबकि परिवार ने सभी आरोपों को खारिज किया है। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हालात को नियंत्रित किया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

