हुगली में शुरू हुआ एचपीवी टीकाकरण अभियान, तीन माह में 14 वर्ष की किशोरियों को लगाया जाएगा टीका
हुगली, 30 मई (हि.स.)। भारत सरकार और पश्चिम बंगाल सरकार की संयुक्त पहल के तहत राज्य स्वास्थ्य विभाग ने सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम के लिए ह्यूमन पैपिलोमावायरस (एचपीवी) टीकाकरण अभियान का शुभारंभ किया है। इस राज्यव्यापी अभियान में हुगली जिला भी शामिल हुआ है।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, इस अभियान के तहत उन किशोरियों को टीका लगाया जाएगा जिनकी आयु 14 वर्ष पूरी हो चुकी है, लेकिन उन्होंने अभी 15 वर्ष की आयु पूरी नहीं की है। अगले तीन महीनों तक यह विशेष टीकाकरण अभियान चलाया जाएगा। बाद में राज्य स्वास्थ्य विभाग के निर्देशानुसार अधिक संख्या में बालिकाओं को भी इसमें शामिल किया जाएगा।
अधिकारियों ने बताया कि इस अभियान में गार्डासिल वैक्सीन का उपयोग किया जा रहा है। यह वैक्सीन ह्यूमन पैपिलोमावायरस (एचपीवी) के चार प्रकार 6, 11, 16 और 18 से सुरक्षा प्रदान करती है। इनमें टाइप-16 को सर्वाधिक खतरनाक माना जाता है, जो सर्वाइकल कैंसर के प्रमुख कारणों में शामिल है।
हुगली जिले में इस टीकाकरण कार्यक्रम के लिए कुल 23 केंद्र निर्धारित किए गए हैं। इनमें से आठ केंद्रों पर शनिवार को टीकाकरण शुरू कर दिया गया। शाम चार बजे तक प्राप्त आंकड़ों के अनुसार, पी.सी. सेन मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में 77, जिला अस्पताल चुंचुड़ा में 42, श्रीरामपुर महकमा अस्पताल में 27, चंदननगर महकमा अस्पताल में 23, उत्तरपाड़ा स्टेट जनरल अस्पताल में 17, बलागढ़ ग्रामीण अस्पताल में 16, सिंगूर ग्रामीण अस्पताल में 72 तथा कामारपुकुर ग्रामीण अस्पताल में 71 किशोरियों को टीका लगाया गया।
स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि शेष 15 केंद्रों पर अगले सप्ताह चरणबद्ध तरीके से टीकाकरण शुरू किया जाएगा। जिला प्रशासन, शिक्षा विभाग तथा महिला एवं बाल कल्याण विभाग के सहयोग से इस अभियान को सफल बनाने की तैयारी की गई है। अधिकारियों को उम्मीद है कि अगले तीन महीनों में यह अभियान बड़े स्तर पर संचालित होगा और किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाव में महत्वपूर्ण सहायता मिलेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

