हुगली में वृद्धा ने की आत्महत्या, इलाके में सनसनी
हुगली, 23 अप्रैल (हि.स.)। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के बीच हुगली जिले से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है, जहां 65 वर्षीय एक महिला ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। घटना दादपुर थाना क्षेत्र के आईमा सोमसारा गांव की बताई जा रही है। गुरुवार सुबह महिला का शव घर के पास बांस के बागान में फांसी के फंदे से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृत महिला की पहचान रबी माझी के रूप में हुई है।
परिवार के अनुसार, वह पिछले कुछ दिनों से मानसिक रूप से काफी परेशान थीं। घटना के बाद पूरे परिवार में शोक का माहौल है और स्थानीय लोगों में भी गहरा आक्रोश व चिंता देखी जा रही है।
परिजनों का कहना है कि महिला पर मानसिक दबाव लगातार बढ़ रहा था। दस्तावेजों में नाम को लेकर गड़बड़ी के कारण वह परेशान थीं और इसी वजह से वह एसआईआर प्रक्रिया के दौरान भी चिंतित रहीं। परिवार ने उन्हें समझाने की कोशिश की, लेकिन उनका तनाव कम नहीं हुआ।
परिवार के मुताबिक, उन्हें यह डर सता रहा था कि मतदाता सूची में नाम नहीं होने की वजह से वह मतदान नहीं कर पाएंगी और भविष्य को लेकर अनिश्चितता बढ़ जाएगी। यही आशंका धीरे-धीरे गहरे मानसिक तनाव में बदल गई, जो अंततः इस दुखद घटना का कारण बनी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

