हावड़ा स्टेशन पर मानव तस्करी की कोशिश नाकाम, दो आरोपित गिरफ्तार
हावड़ा, 30 मार्च (हि. स.)। जिले के हावड़ा रेलवे स्टेशन पर मानव तस्करी की एक कोशिश को विफल करते हुए जीआरपी ने 24 घंटे के भीतर दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान नूर आलम शेख (21), निवासी डोमकल, मुर्शिदाबाद और मिजारुल मंडल (26), निवासी अशोकनगर, उत्तर 24 परगना के रूप में हुई है।
सोमवार को रेल पुलिस ने बताया कि मालदह जिले के मोथाबाड़ी की निवासी मंजुरा बीबी ने सरकारी रेलवे पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई कि 25 मार्च को उनकी 16 वर्षीय बेटी अपने दोस्तों के साथ हावड़ा स्टेशन से मालदह लौटने के लिए इंतजार कर रही थी। इसी दौरान एक अज्ञात व्यक्ति ने खुद को पुलिसकर्मी बताकर लड़की को धमकाया और बहाने से अपने साथ ले गया। वह उसे स्टेशन के पुराने परिसर से सब-वे के रास्ते बाहर ले गया, जहां पहले से मौजूद एक अन्य युवक के साथ मिलकर उसे टैक्सी में बैठाकर अज्ञात स्थान पर ले जाया गया।
आरोप है कि दोनों युवक उसे पैसे के लिए बेचने की नीयत से कहीं ले जा रहे थे। रास्ते में लड़की को संदेह हुआ कि वे असली पुलिसकर्मी नहीं हैं, जिसके बाद उसने शोर मचाना शुरू कर दिया। शोर सुनकर स्थानीय लोग इकट्ठा हो गए, जिसके चलते आरोपित उसे सड़क पर छोड़कर फरार हो गए।
बाद में स्थानीय लोगों की मदद से लड़की किसी तरह वापस हावड़ा स्टेशन पहुंची, जहां जीआरपी ने उसे सुरक्षित बरामद कर लिलुआ होम भेज दिया।मामले में लिखित शिकायत के आधार पर हावड़ा जीआरपी थाने में संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया।
दोनों आरोपितों को हावड़ा मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट अदालत में पेश कर उनकी पहचान परेड कराने की मांग की गई है।
हावड़ा के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (रेल) इंद्रजीत बसु ने सभी अधिकारियों को सतर्क रहने और मानव तस्करी से जुड़े किसी भी प्रयास के खिलाफ तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

