सड़क किनारे सैकड़ों जमीन के दस्तावेज मिलने से इलाके में हड़कंप
सिलीगुड़ी, 05 मई (हि. स.)। सिलीगुड़ी महकमा के खोरीबाड़ी के बतासी स्थित दुर्गा मंदिर के पास, 327 नंबर राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे मंगलवार सुबह भारी मात्रा में जमीन के दस्तावेज मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। बरामद कागजों में जमीन के रजिस्ट्रेशन (डीड), खतियान, वोटर कार्ड और आधार कार्ड जैसे महत्वपूर्ण दस्तावेज शामिल हैं।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, ये सभी कागजात रात के अंधेरे में यहां फेंके गए होंगे। सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि भूमि विभाग के कार्यालय से महज 500 मीटर की दूरी पर इतने महत्वपूर्ण दस्तावेज कैसे पहुंचे।
हाल ही में नबान्न (राज्य सचिवालय) की ओर से दस्तावेजों के सुरक्षित रखरखाव को लेकर सख्त निर्देश जारी किए गए थे। ऐसे में इस तरह खुले में दस्तावेज मिलने से प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
सूचना पाकर खोरीबाड़ी थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और सभी दस्तावेजों को जब्त कर लिया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
इस घटना के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं और लोग प्रशासन से जल्द सच्चाई सामने लाने की मांग कर रहे हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

