home page

स्वास्थ्य विभाग में 18 लाख की हेराफेरी का आरोप, अकाउंट्स मैनेजर फरार

 | 

दक्षिण दिनाजपुर, 15 जून (हि. स.)। कुमरगंज ब्लॉक स्वास्थ्य विभाग में सरकारी धन के गबन का बड़ा मामला सामने आया है। विभाग के अकाउंट्स मैनेजर प्रदीप्ता पाल पर करीब 18 लाख रुपये अपने निजी खाते में ट्रांसफर करने का आरोप लगा है। आरोपित फिलहाल फरार बताया जा रहा है।

जानकारी के अनुसार, आरोपित लंबे समय से कुमरगंज ब्लॉक स्वास्थ्य विभाग में कार्यरत था।विभागीय जांच की रिपोर्ट सामने आने के बाद बीते शुक्रवार को ब्लॉक स्वास्थ्य अधिकारी तापस तालुकदार ने कुमरगंज थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर शनिवार को पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।

इस घोटाले का खुलासा अप्रैल की शुरुआत में हुआ, जब तत्कालीन ब्लॉक स्वास्थ्य अधिकारी सौमित्र साह ने खातों में करीब एक लाख रुपये की गड़बड़ी देखी। इसके बाद मामले की जानकारी उच्च अधिकारियों को दी गई और विभागीय जांच शुरू की गई। जिला अकाउंट्स विभाग की रिपोर्ट में सामने आया कि आरोपितने कुल 18 लाख 11 हजार 579 रुपये सरकारी खाते से अपने निजी खाते में ट्रांसफर किए।

मौजूदा ब्लॉक स्वास्थ्य अधिकारी तापसतालुकदार ने सोमवार को बताया कि मामले की शिकायत पुलिस में दर्ज कराई गई है और प्रशासन पूरे प्रकरण की जांच कर रहा है। वहीं, आरोपित का मोबाइल फोन बंद होने के कारण उससे संपर्क नहीं हो पाया है।

पुलिस आरोपित की तलाश में जुटी है और पूरे मामले की जांच जारी है।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार