home page

स्कूल जाते समय हादसा : ट्रक की चपेट में आने से दो मासूम भाइयों की मौत, पिता घायल

 | 

कोलकाता, 01 अगस्त (हि.स.)। पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले के बरानगर में शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो सगे भाइयों की मौत हो गई, जबकि उनके पिता गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद इलाके में भारी आक्रोश फैल गया।

जानकारी के अनुसार, मल्लिक कॉलोनी के पास बीटी रोड पर एक पिता अपने पांच और सात वर्ष के दो बेटों को स्कूटी से स्कूल छोड़ने जा रहे थे। दोनों बच्चे बरानगर डनलप खालसा स्कूल के छात्र थे। इसी दौरान स्कूटी की एक तेज रफ्तार ट्रक से टक्कर हो गई।

टक्कर इतनी भीषण थी कि पिता और दोनों बच्चे सड़क पर जा गिरे। दोनों मासूम ट्रक के पहियों के नीचे आ गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में पिता घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि सड़क किनारे निर्माण कार्य के लिए स्टोन चिप्स (पत्थर की गिट्टी) का ढेर पड़ा हुआ था। उसे बचाने की कोशिश में स्कूटी असंतुलित हो गई और यह हादसा हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के समय बच्चों ने हेलमेट नहीं पहना हुआ था। टक्कर लगते ही तीनों सड़क पर गिर पड़े और दोनों बच्चों की जान चली गई।

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताते हुए सड़क किनारे निर्माण सामग्री अव्यवस्थित तरीके से रखे जाने पर सवाल उठाए। लोगों का कहना है कि यदि सड़क पर निर्माण सामग्री न पड़ी होती, तो शायद यह दर्दनाक हादसा टाला जा सकता था।

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना के वास्तविक कारणों की पड़ताल की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय