सोशल मीडिया पर अग्नेयास्त्र के साथ तस्वीर पोस्ट करने वाले कालीघाट थाने के ओसी गौतम दास निलंबित
हुगली, 02 मई (हि.स.)। कोलकाता पुलिस ने शनिवार को कालीघाट थाने के ओसी गौतम दास को निलंबित कर दिया। उनकी जगह चामेली मुखोपाध्याय को नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। बताया जा रहा है कि सोशल मीडिया पर एक विवादित पोस्ट के कारण यह कार्रवाई की गई।
हाल ही में सोशल मीडिया पर एक तस्वीर सामने आई थी, जिसमें गौतम दास पुलिस वर्दी में थाने की कुर्सी पर बैठे हुए एक आधुनिक हथियार पकड़े दिखाई दे रहे थे। इस तस्वीर की सत्यता स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन तृणमूल कांग्रेस ने दावा किया कि यह तस्वीर खुद गौतम दास ने फेसबुक और व्हाट्सऐप स्टेटस पर पोस्ट की थी।
तृणमूल कांग्रेस के राज्य सह-सभापति जयप्रकाश मजूमदार ने इस तस्वीर को सार्वजनिक करते हुए इसे “आपत्तिजनक” बताया और चुनाव आयोग का ध्यान इस ओर आकर्षित किया। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार, राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी मनोज अग्रवाल और कोलकाता पुलिस आयुक्त अजय नंद को पत्र लिखकर शिकायत दर्ज कराई।
जयप्रकाश के अनुसार, पोस्ट में कैप्शन लिखा था—“नए दायित्व के लिए तैयार।” हालांकि, बाद में संबंधित सोशल मीडिया पोस्ट हटा दिया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्दी में इस तरह हथियार के साथ तस्वीर साझा करना न केवल असहज करने वाला है, बल्कि कानून के लिहाज से भी आपत्तिजनक है।
लालबाजार सूत्रों के मुताबिक, इसी “बंदूक विवाद” के चलते गौतम दास को निलंबित किया गया। तृणमूल का कहना है कि नियमों के अनुसार ड्यूटी पर तैनात कोई भी पुलिस अधिकारी वर्दी में अपनी तस्वीर सोशल मीडिया पर साझा नहीं कर सकता। साथ ही, हथियार के साथ धमकी भरे या विवादित कैप्शन देना भी सरकारी दिशा-निर्देशों के खिलाफ है।
इसके अलावा, यह सवाल भी उठाया गया है कि गौतम दास के पास जो हथियार दिख रहा है, वह उनके आधिकारिक उपयोग के लिए स्वीकृत था या नहीं।
उल्लेखनीय है कि दूसरे चरण के मतदान से पहले ही चुनाव आयोग ने कालीघाट थाने के ओसी में बदलाव किया था। इससे पहले 29 मार्च को भी एक बार ओसी बदला गया था। उस समय कोलकाता पुलिस के डिटेक्टिव डिपार्टमेंट से उत्पल घोष को ओसी बनाया गया था, लेकिन एक महीने के भीतर ही उन्हें हटाकर गौतम दास को यह जिम्मेदारी दी गई थी। अब गौतम दास के निलंबन के बाद एक बार फिर इस पद पर बदलाव किया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

