सेवक में भूस्खलन से सिलीगुड़ी का सिक्किम-कालिम्पोंग से संपर्क टूटा
सिलीगुड़ी, 25 जून (हि. स.)। दार्जिलिंग जिले के सेवक इलाके में एक बार फिर भूस्खलन (लैंडस्लाइड) की घटना सामने आई है। गुरुवार सुबह नेशनल हाईवे-10 पर सेवक काली मंदिर और कोरोनेशन ब्रिज के बीच पहाड़ से भारी मात्रा में मिट्टी और पत्थर सड़क पर आ गिरे, जिससे यातायात पूरी तरह ठप हो गया।
इस घटना के कारण सिलीगुड़ी का सिक्किम, कालिम्पोंग और डुआर्स से सीधा संपर्क अस्थायी रूप से कट गया। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और कई यात्री बीच रास्ते में फंस गए।
प्रशासन के अनुसार, सूचना पाकर नेशनल हाईवे इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन लिमिटेड (एनएचआईडीसीएल) की टीम मौके पर पहुंच गई और मलबा हटाने का काम युद्धस्तर पर शुरू कर दिया गया है।
अधिकारियों ने बताया कि हालात सामान्य करने और ट्रैफिक बहाल करने में दोपहर तक का समय लग सकता है।
नेशनल हाईवे-10 को उत्तर बंगाल और सिक्किम को जोड़ने वाली लाइफलाइन सड़क माना जाता है। बारिश के मौसम में इस मार्ग पर बार-बार भूस्खलन की घटनाएं सामने आती रही है, जिससे यातायात बाधित होता है और यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। फिलहाल प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे इस मार्ग पर यात्रा करने से बचें और ताजा ट्रैफिक अपडेट लेकर ही घर से निकलें।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

