सुरेंद्रनाथ कॉलेज कांड : दो तृणमूल नेताओं के खिलाफ शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज
कोलकाता, 03 जून (हि. स.)। सुरेंद्रनाथ कॉलेज में दो बैगों से दीमक लगी बड़ी मात्रा में नकदी बरामद होने के बाद अब कॉलेज परिसर से एक आग्नेयास्त्र मिलने का मामला सामने आया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, कॉलेज के यूनियन रूम से हथियार बरामद किया गया है।
इस मामले में मुचीपाड़ा थाने में तृणमूल कांग्रेस के दो नेताओं देवाशीष बनर्जी और परितोष दत्त के खिलाफ शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस ने बुधवार को बताया कि हथियार यूनियन रूम तक कैसे पहुंचा और उसे वहां क्यों रखा गया था, इसकी जांच की जा रही है। मामले में दोनों नेताओं से पूछताछ की जाएगी।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, देवाशीष बनर्जी कॉलेज की गवर्निंग बॉडी के सदस्य रह चुके हैं। आरोप है कि देवाशीष और परितोष दत्त ने यूनियन रूम सहित कॉलेज की पहली मंजिल के कई कमरों पर ताला लगाकर रखा था, जहां किसी अन्य व्यक्ति को प्रवेश की अनुमति नहीं थी। बताया जा रहा है कि दोनों नेता इन कमरों का अपने निजी कार्यों के लिए इस्तेमाल करते थे।
मंगलवार शाम करीब साढ़े चार बजे कॉलेज प्रशासन ने पहली मंजिल का एक कमरा खोला, जहां दो ट्रॉली बैगों के भीतर नकदी बरामद हुई। इसके बाद रात में कॉलेज के प्राचार्य और छात्रों ने यूनियन रूम में एक आग्नेयास्त्र देखा। इसके बाद ही दोनों तृणमूल नेताओं के खिलाफ शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया।
कॉलेज के प्राचार्य ने आरोप लगाया है कि जब भी उनसे पहली मंजिल के कमरों की चाबी मांगी जाती थी, तब दोनों नेता उन्हें धमकाते थे। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

