home page

सिलीगुड़ी में केंद्रीय बलों की तैनाती, राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज

 | 
सिलीगुड़ी में केंद्रीय बलों की तैनाती, राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज


सिलीगुड़ी, 01 मार्च (हि. स.)। विधानसभा चुनाव-2026 की आधिकारिक तारीखों की घोषणा होने से पहले राज्य के कई जिलों में केंद्रीय सुरक्षा बलों की मौजूदगी देखी जा रही है। उत्तर बंगाल के महत्वपूर्ण केंद्र सिलीगुड़ी विधानसभा क्षेत्र में भी मतदान और मतगणना की तिथि घोषित होने से पहले केंद्रीय बलों की तैनाती की गई है।

प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, चुनाव से पहले कानून-व्यवस्था की स्थिति सामान्य बनाए रखने और मतदान प्रक्रिया को निष्पक्ष व शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से केंद्रीय बलों की अग्रिम तैनाती की जाती है। अधिकारियों का कहना है कि यह एक नियमित एहतियाती कदम है।

हालांकि, विपक्षी राजनीतिक दलों के एक वर्ग ने इस अग्रिम तैनाती पर सवाल उठाए है। उनका कहना है कि जब तक चुनाव कार्यक्रम की घोषणा नहीं हुई है, तब तक इस तरह की तैनाती को लेकर स्पष्टता होनी चाहिए।

चुनाव आयोग ने चुनाव की आधिकारिक अधिसूचना जारी नहीं की है। इसके बावजूद राज्य के विभिन्न जिलों में केंद्रीय बलों की गश्त और मौजूदगी ने राजनीतिक सरगर्मी बढ़ा दी है।

प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है। चुनाव की घोषणा से पहले उठाए गए इस कदम का राजनीतिक माहौल पर क्या असर पड़ेगा, इसे लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार