home page

सप्तग्राम पंचायत के बड़ो पाड़ा में चला बुलडोजर, अवैध अतिक्रमण हटाया गया

 | 
सप्तग्राम पंचायत के बड़ो पाड़ा में चला बुलडोजर, अवैध अतिक्रमण हटाया गया


हुगली, 27 अगस्त (हि. स.)। मोगरा थाना क्षेत्र के सप्तग्राम पंचायत इलाके के बड़ो पाड़ा में गुरुवार को अतिक्रमण हटाने के लिए बुलडोजर चलाया गया। बड़ो पाड़ा मोड़ और आसपास के इलाकों में लंबे समय से जल निकासी की समस्या से परेशान स्थानीय लोगों की शिकायतों के बाद यह कार्रवाई की गई।

स्थानीय लोगों के अनुसार, पश्चिम बंगाल में नई सरकार बनने के बाद उन्होंने नवनिर्वाचित विधायक स्वराज घोष के समक्ष लगातार जल निकासी की समस्या रखी थी। शिकायत मिलने के बाद विधायक ने कई बार स्वयं इलाके का निरीक्षण किया और स्थानीय लोगों से बातचीत कर समस्या की जानकारी ली।

आरोप है कि कुछ लोगों ने रास्तों और नालियों पर कथित तौर पर अवैध कब्जा कर रखा था, जिसके कारण जल निकासी बाधित हो रही थी। विधायक और प्रशासन की ओर से संबंधित लोगों को कथित अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए थे। इस संबंध में नोटिस भी जारी किए जाने की बात सामने आई है। आरोप है कि नोटिस के बावजूद अतिक्रमण नहीं हटाया गया। इसके बाद गुरुवार को प्रशासन की ओर से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की गई। बुलडोजर की मदद से अवैध निर्माणों को तोड़ा गया और रास्ते तथा नालियों को अतिक्रमण मुक्त कराया गया।

कार्रवाई के दौरान इलाके में बड़ी संख्या में पुलिस और केंद्रीय बलों के जवानों की तैनाती की गई थी। प्रशासन की इस कार्रवाई से जल निकासी की समस्या से परेशान स्थानीय लोगों ने खुशी जाहिर की।

मौके पर विधायक स्वराज घोष के अलावा सप्तग्राम पंचायत के उप-प्रधान, कई पंचायत सदस्य, भाजपा कार्यकर्ता और समर्थक तथा बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय