सतर्कता के लिए खड़गपुर मंडल के कीमैन को नकद पुरस्कार और प्रशस्ति पत्र
खड़गपुर, 07 अक्टूबर (हि. स.)। रेल पटरी की सुरक्षा के प्रति सतर्कता और कर्तव्यनिष्ठा के लिए खड़गपुर मंडल के कीमैन वी. राम कृष्णा को मंडल रेल प्रबंधक ललित मोहन पांडे ने नकद पुरस्कार और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। रेलवे की ओर से बुधवार शाम जारी प्रेस विज्ञप्ति में यह जानकारी दी गई।
गैंग नंबर 33 (तीसरी लाइन) में कार्यरत वी. राम कृष्णा ने 25 सितंबर को नियमित गश्त के दौरान सुबह करीब 6:20 बजे सबिरा और मारकोना के बीच किलोमीटर 276/35ए से 277/3ए के बीच तीसरी लाइन के पास मिट्टी खिसकने की स्थिति देखी।
उन्होंने तत्काल इसकी सूचना फोन के माध्यम से संबंधित वरिष्ठ अनुभाग अभियंता (पथ) को दी। सूचना मिलने के बाद समय रहते आवश्यक मरम्मत और देखभाल का कार्य किया गया। उनकी सतर्कता और त्वरित सूचना से रेल परिचालन की सुरक्षा सुनिश्चित करने में मदद मिली।
मंडल रेल प्रबंधक ललित मोहन पांडे ने वी. राम कृष्णा की कर्तव्यनिष्ठा, सतर्कता और त्वरित कार्रवाई की सराहना की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

