home page

संतरागाछी स्टेशन पर आरपीएफ ने 41 किलो गांजा जब्त किया

 | 
संतरागाछी स्टेशन पर आरपीएफ ने 41 किलो गांजा जब्त किया


खड़गपुर, 21 अप्रैल (हि. स.)। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव-2026 को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को सख्त करने के क्रम में रेलवे सुरक्षा बल ने संतरागाछी रेलवे स्टेशन पर बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में नशीला पदार्थ बरामद किया है।

मंगलवार शाम छह बजे रेलवे अधिकारियों द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 19 अप्रैल 2026 को बेंगलुरु-संतरागाछी स्पेशल ट्रेन (नंबर 06557) के आगमन के दौरान संयुक्त सुरक्षा अभियान चलाया गया। चेकिंग के क्रम में कोच बी-10 के बाथरूम से तीन लावारिस बैग संदिग्ध अवस्था में बरामद किए गए।

तलाशी लेने पर बैगों से तेज गंध आने पर उन्हें खोला गया, जिसमें भूरे रंग के सेलो टेप में लिपटे कुल 40 पैकेट बरामद हुए। प्रारंभिक जांच में इनमें गांजा होने की आशंका जताई गई है।

बरामद मादक पदार्थ का कुल वजन लगभग 41.820 किलोग्राम बताया गया है। काफी प्रयासों के बावजूद बैगों के किसी भी दावेदार का पता नहीं चल सका।

इसके बाद रेलवे सुरक्षा बल ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए जब्त सामग्री को जीआरपी शालीमार के हवाले कर दिया। मामले में आगे की जांच के लिए केस दर्ज कर लिया गया है और तस्करी के नेटवर्क की पड़ताल की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता