home page

श्रीरामपुर से तृणमूल उम्मीदवार तन्मय घोष : जानिए कितनी है संपत्ति और देनदारी

 | 
श्रीरामपुर से तृणमूल उम्मीदवार तन्मय घोष : जानिए कितनी है संपत्ति और देनदारी


हुगली, 10 अप्रैल (हि. स.)। तन्मय घोष ने श्रीरामपुर विधानसभा सीट से तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार के रूप में नामांकन दाखिल किया है। उनके द्वारा प्रस्तुत चुनावी शपथपत्र में आय, संपत्ति और देनदारियों का विस्तृत विवरण सामने आया है।

शपथपत्र के अनुसार, 45 वर्षीय तन्मय घोष पेशे से राजनेता हैं और जादवपुर विश्वविद्यालय से केमिकल इंजीनियरिंग में स्नातक हैं। उन्होंने अपने खिलाफ किसी भी आपराधिक मामले के लंबित या दोषसिद्ध होने से इनकार किया है।

आय के विवरण में तन्मय घोष ने वर्ष 2024-25 में लगभग 13.69 लाख की आय घोषित की है, जबकि उनकी पत्नी बैशाली साहा, जो एक उच्च माध्यमिक विद्यालय में सहायक शिक्षिका हैं, की आय 9.38 लाख दर्ज की गई है।

संपत्ति के मामले में तन्मय घोष ने अपने नाम पर लगभग 2.34 करोड़ की चल संपत्ति घोषित की है। जिसमें बैंक जमा, म्यूचुअल फंड, बीमा पॉलिसी, प्रोविडेंट फंड, फिक्स्ड डिपॉजिट, सोना-जेवर और एक चारपहिया वाहन शामिल हैं। उनकी पत्नी के नाम पर भी 1.12 करोड़ से अधिक की चल संपत्ति दर्ज है, जबकि आश्रित के नाम पर भी लगभग 30 लाख की संपत्ति घोषित की गई है।

अचल संपत्ति के तहत घोष के पास सोनारपुर स्थित एक फ्लैट है, जिसका वर्तमान बाजार मूल्य करीब 46 लाख बताया गया है। वहीं उनकी पत्नी के नाम पर बीरभूम जिले के बोलपुर में एक फ्लैट है, जिसकी कीमत लगभग 14 लाख आंकी गई है।

तन्मय घोष पर करीब 17.49 लाख का कर्ज़ है, जिसमें होम लोन, बैंक लोन और वाहन ऋण शामिल हैं। वहीं उनकी पत्नी पर भी लगभग 7.06 लाख की देनदारी दर्ज है।

कुल मिलाकर, तन्मय घोष और उनके परिवार की संयुक्त संपत्ति करोड़ों में है, जबकि देनदारियां अपेक्षाकृत कम हैं।

राजनीतिक जानकारों के मुताबिक, मजबूत आर्थिक पृष्ठभूमि और साफ-सुथरी छवि के साथ मैदान में उतरे घोष श्रीरामपुर सीट पर मुकाबले को और दिलचस्प बना सकते हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय