home page

श्रीरामपुर में रवींद्र जयंती के उपलक्ष में हुआ कार्यक्रम, संस्कृति संरक्षण पर जोर

 | 

हुगली, 23 मई (हि.स.)। बंगाल की सांस्कृतिक विरासत और गुरुदेव रवींद्रनाथ ठाकुर के साहित्यिक योगदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के उद्देश्य से शनिवार शाम श्रीरामपुर विधानसभा क्षेत्र के रिषड़ा स्थित साहा पैलेस में भव्य रवींद्र जयंती उत्सव 2026 का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन श्रीरामपुर के नवनिर्वाचित विधायक भास्कर भट्टाचार्य की पहल पर किया गया।

कार्यक्रम में क्षेत्र के कई गणमान्य व्यक्तियों, सांस्कृतिक जगत से जुड़े लोगों और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों की उपस्थिति रही। पूरे परिसर में सांस्कृतिक उत्साह और बंगाली परंपरा की झलक देखने को मिली। रवींद्र संगीत, कविता पाठ और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

इस अवसर पर विधायक भास्कर भट्टाचार्य ने कहा कि बंगाल की आत्मा उसकी संस्कृति में बसती है और उस संस्कृति की सबसे बड़ी पहचान गुरुदेव रवींद्रनाथ ठाकुर हैं। उन्होंने कहा कि आज की नई पीढ़ी को बंगाल की सांस्कृतिक जड़ों और रवींद्रनाथ ठाकुर के विचारों से परिचित कराना समय की आवश्यकता है।

उन्होंने कहा, “रवींद्रनाथ ठाकुर केवल एक कवि नहीं, बल्कि बंगाल की चेतना, साहित्य, संगीत और मानवीय मूल्यों के प्रतीक हैं। उनकी कविताओं, गीतों और दर्शन के बिना बंगाल की संस्कृति अधूरी है।”

विधायक ने आगे कहा कि आधुनिकता की दौड़ में सांस्कृतिक मूल्यों को भूलना समाज के लिए नुकसानदायक होगा। इसलिए ऐसे आयोजनों के माध्यम से युवाओं को अपनी भाषा, साहित्य और सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

कार्यक्रम के अंत में कलाकारों और प्रतिभागियों को सम्मानित भी किया गया। स्थानीय लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के सांस्कृतिक आयोजन समाज में सकारात्मक संदेश देते हैं और बंगाल की समृद्ध परंपरा को जीवित रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

कार्यक्रम में स्वामी निर्गुणनंद महाराज, श्रीरामपुर थाना प्रभारी बापी राय, रिषड़ा थाना प्रभारी संजय सरकार सहित कई गणमान्य अतिथि मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय