home page

श्रावणी मेला उद्घाटन : तारकेश्वर में त्रिशूल थामे दिखे मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी, संतों ने दिया प्रतीकात्मक संदेश

 | 
श्रावणी मेला उद्घाटन : तारकेश्वर में त्रिशूल थामे दिखे मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी, संतों ने दिया प्रतीकात्मक संदेश


हुगली (तारकेश्वर), 14 जुलाई (हि. स.)। पश्चिम बंगाल के ऐतिहासिक तथा हाल ही में राष्ट्रीय उत्सव का दर्जा प्राप्त श्रावणी मेले का मंगलवार को तारकेश्वर में भव्य शुभारंभ हुआ। उद्घाटन समारोह में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी शामिल हुए। इस अवसर पर मंदिर नगरी तारकेश्वर में श्रद्धालुओं, साधु-संतों और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ उमड़ी।

उद्घाटन समारोह के दौरान तारकेश्वर के विधायक संतु पान ने मुख्यमंत्री का त्रिशूल भेंट कर स्वागत किया। त्रिशूल हाथ में लिए मुख्यमंत्री की उपस्थिति समारोह का प्रमुख आकर्षण का केंद्र रही।

कार्यक्रम में उपस्थित कुछ साधु-संतों ने प्रतीकात्मक रूप से कहा कि जिस प्रकार माता दुर्गा ने त्रिशूल के माध्यम से अधर्म का नाश किया था, उसी प्रकार उन्हें उम्मीद है कि मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी भी पश्चिम बंगाल में अन्याय और अधर्म के खिलाफ निर्णायक भूमिका निभाएंगे। संतों की इस टिप्पणी ने समारोह में मौजूद लोगों का विशेष ध्यान आकर्षित किया।

श्रावणी मेले के शुभारंभ के साथ तारकेश्वर पूरी तरह धार्मिक वातावरण में रंग गया। पारंपरिक धार्मिक अनुष्ठानों और संतों की उपस्थिति के बीच मेले की शुरुआत हुई। प्रशासन ने आने वाले सप्ताहों में लाखों श्रद्धालुओं के आगमन को देखते हुए व्यापक सुरक्षा और आवश्यक नागरिक सुविधाओं की व्यवस्था की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय