श्रावणी उत्सव की धूम, जटिलेश्वर मंदिर में महीने भर रहेगी रौनक
जलपाईगुड़ी, 14 जुलाई (हि.स.)। श्रावण मास के अवसर पर इस बार जलपेश मंदिर के साथ-साथ जटिलेश्वर मंदिर को भी आकर्षण का केंद्र बनाने की तैयारी शुरू हो गई है। राज्य सरकार की पहल पर पूरे महीने यहां श्रावणी उत्सव आयोजित किया जाएगा। प्रशासन की ओर से मिली जानकारी के अनुसार, हर रविवार शाम से सोमवार तक विशेष पूजा-अर्चना, जलाभिषेक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा। यहां श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं।
हाल ही में मयनागुड़ी के विधायक डलिम चंद्र रॉय और बीडीओ सौमेन दास की मौजूदगी में मंदिर समिति के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की गई। बैठक में निर्णय लिया गया कि मंदिर परिसर में मंच बनाकर सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे और पूरे इलाके को आकर्षक रोशनी से सजाया जाएगा। इसके अलावा, जलपेश से जटिलेश्वर तक के मार्ग पर पेयजल की व्यवस्था की जा रही है। श्रद्धालुओं के रात्रि विश्राम के लिए मंदिर परिसर के कमरों की सफाई और अन्य सुविधाओं का काम भी तेजी से चल रहा है।
विधायक डलिम चंद्र रॉय ने कहा कि जटिलेश्वर मंदिर में हर साल बड़ी संख्या में श्रद्धालु आते है, लेकिन इसे अपेक्षित पहचान नहीं मिल पाई थी। इस बार सरकार इसे बड़े स्तर पर आयोजित कर नई पहचान देने का प्रयास कर रही है।प्रशासन का कहना है कि श्रावणी उत्सव को सफल और सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए सभी जरूरी तैयारियां तेजी से पूरी की जा रही हैं। इस पहल से मयनागुड़ी में धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

