home page

शेवड़ाफुली में तालाब से अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद, इलाके में सनसनी

 | 

हुगली, 09 जुलाई (हि. स.)। जिले के बैद्यबाटी नगरपालिका के वार्ड संख्या 20 स्थित शेवड़ाफुली के चारा बागान (गोलाप बाग) इलाके में गुरुवार को एक तालाब में अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई।

स्थानीय लोगों ने तालाब में शव तैरता हुआ देखा, इसकी सूचना शेवड़ाफुली पुलिस चौकी को दी गई। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को तालाब से बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए श्रीरामपुर वाल्स अस्पताल भेज दिया।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, मृतक की अब तक पहचान नहीं हो सकी है। उसकी शिनाख्त करने का प्रयास किया जा रहा है। उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसकी भी जांच शुरू कर दी गई है।

प्राथमिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि व्यक्ति की मौत पानी में डूबने से हुई है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारण का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद हो सकेगा। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय