home page

शतरंज खिलाड़ी के घर चोरी, ताला तोड़कर सोने के आभूषण ले उड़े चोर

 | 
शतरंज खिलाड़ी के घर चोरी, ताला तोड़कर सोने के आभूषण ले उड़े चोर


खड़गपुर, 08 जुलाई (हि. स.)। पश्चिम मेदिनीपुर जिले के खड़गपुर शहर के पुरातन बाजार क्षेत्र में राष्ट्रीय शतरंज खिलाड़ी के घर चोरी की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। चोरों ने सूने मकान का ताला तोड़कर घर में रखे सोने के आभूषण पर हाथ साफ कर दिया। घटना की सूचना पाकर खड़गपुर शहर थाना पुलिस ने जांच आरंभ कर दी है।

पीड़िता मौसमी घोष, जो विधवा हैं, अपनी बेटी प्रेरणा घोष के साथ कुछ महीने पहले ही पुरातन बाजार स्थित एक किराये के मकान में रहने आई थीं। प्रेरणा घोष राष्ट्रीय स्तर की शतरंज खिलाड़ी हैं और हाल ही में जम्मू में आयोजित राष्ट्रीय शतरंज प्रतियोगिता में भाग लेने गई थीं। मां-बेटी घर में ताला लगाकर बाहर गई थीं।

मंगलवार शाम जब दोनों वापस अपने आवास पहुंचीं तो मुख्य द्वार का ताला टूटा हुआ मिला। घर के भीतर प्रवेश करने पर सभी कमरे अस्त-व्यस्त थे। अलमारी का लॉक भी टूटा हुआ था। जांच करने पर पता चला कि अलमारी में रखी सोने की दो चूड़ियां और एक सोने की चेन गायब हैं। इसके बाद परिवार ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।

सूचना पाकर खड़गपुर शहर थाना पुलिस मंगलवार रात मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है तथा क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाली जा रही है।

पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। चोरी गए आभूषणों की बरामदगी तथा आरोपितों की पहचान के लिए विभिन्न पहलुओं पर जांच की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता