वेतन न मिलने से नाराज अस्थायी कर्मचारियों ने उत्तर दमदम नगर पालिका में जड़ा ताला, सड़क पर प्रदर्शन
कोलकाता, 22 मई (हि. स.)। वेतन नहीं मिलने और लंबे समय से वेतन वृद्धि नहीं होने के आरोप में उत्तर दमदम नगर पालिका के अस्थायी कर्मचारियों ने शुक्रवार को नगर पालिका कार्यालय के मुख्य गेट पर ताला जड़कर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने सड़क पर बैठकर प्रदर्शन किया, जिसके बाद स्थिति संभालने के लिए पुलिस बल तैनात करना पड़ा।
प्रदर्शनकारी कर्मचारियों का आरोप है कि उन्हें पिछले कई वर्षों से समय पर वेतन नहीं दिया जा रहा है। उनका कहना है कि कभी पूरा वेतन मिलता है, तो कभी आधा वेतन देकर ही काम चलाया जाता है। कर्मचारियों के मुताबिक, पिछले पांच वर्षों में एक रुपये भी वेतन नहीं बढ़ाया गया।
अस्थायी कर्मचारियों ने बताया कि वे पहले भी वेतन वृद्धि और नियमित भुगतान की मांग को लेकर नगर पालिका प्रशासन को ज्ञापन सौंप चुके हैं, लेकिन कोई समाधान नहीं निकला। आरोप है कि कई बार दो महीने बाद केवल एक महीने का वेतन दिया गया।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि महीने के किसी भी दिन वेतन दिया जाता है और भुगतान की कोई निश्चित तारीख नहीं है, जिससे परिवार चलाना मुश्किल हो गया है।
शुक्रवार को आक्रोशित कर्मचारियों ने नगर पालिका के गेट पर ताला लगाकर सड़क जाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने हालात को नियंत्रित करने की कोशिश की।
हालांकि इस पूरे मामले में नगर पालिका चेयरमैन की ओर से कोई स्पष्ट प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
राज्य में सत्ता परिवर्तन के बाद विभिन्न नगर निकायों में कथित भ्रष्टाचार, अनियमितता और प्रशासनिक अव्यवस्था के आरोप लगातार सामने आ रहे हैं। इस बीच उत्तर दमदम नगर पालिका में कर्मचारियों का यह विरोध प्रदर्शन भी चर्चा का विषय बन गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

