home page

वीरसिंह में विद्यासागर के माता-पिता की प्रतिमाओं का अनावरण, मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने की बड़ी घोषणा

 | 
वीरसिंह में विद्यासागर के माता-पिता की प्रतिमाओं का अनावरण, मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने की बड़ी घोषणा


पश्चिम मेदिनीपुर, 30 सितंबर (हि. स.)। जिले के घाटाल स्थित विद्यासागर की जन्मभूमि वीरसिंह गांव में बुधवार को मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी पहुंचे। मुख्यमंत्री ने पंडित ईश्वरचंद्र विद्यासागर के पिता ठाकुरदास बनर्जी और माता भगवती देवी की प्रतिमाओं का अनावरण किया। इसके बाद उन्होंने विद्यासागर की प्रतिमा पर श्रद्धासुमन अर्पित किए और भगवती देवी विद्यालय के मैदान में आयोजित सभा में शामिल हुए।

मुख्यमंत्री ने हेलीकॉप्टर से वीरसिंह पहुंचने के दौरान घाटाल के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण कर स्थिति का जायजा लिया। सभा में उन्होंने घाटाल की सड़कों, पथ प्रकाश व्यवस्था, रेल संपर्क व्यवस्था, पर्यटन उद्योग, स्वास्थ्य और शिक्षा सहित विभिन्न क्षेत्रों के विकास के लिए राशि आवंटित करने की घोषणा की।

मुख्यमंत्री ने घाटाल के जिन लोगों के कच्चे मकान हैं, उन्हें एकमुश्त आर्थिक सहायता देने की भी घोषणा की। उन्होंने कहा कि घाटाल मास्टर प्लान का काम केंद्र और राज्य सरकार संयुक्त रूप से करेंगी। इसके लिए केंद्र और राज्य दोनों की भागीदारी रहेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि घाटाल के समग्र विकास पर उनकी नजर है और क्षेत्र के विकास के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। इसके बाद बीरसिंह गांव में सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने घाटाल मास्टर प्लान के लिए इस वर्ष एक हजार 200 करोड़ रुपये मंजूर करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि इसमें 50 प्रतिशत राशि केंद्र और 50 प्रतिशत राज्य सरकार देगी। भूमि अधिग्रहण का काम जारी है और जल्द ही योजना का काम शुरू किया जाएगा।

सभा के दौरान बाल विवाह के खिलाफ आवाज उठाने और लोगों को जागरूक करने के लिए तीन स्कूली छात्राओं को मुख्यमंत्री ने सम्मानित किया। इसके साथ ही क्षय रोग मुक्त अभियान से जुड़े कार्यकर्ताओं को भी सभा में सम्मानित किया गया।

मुख्यमंत्री के वीरसिंह आगमन के दौरान क्षेत्र में विकास कार्यों और विभिन्न योजनाओं को लेकर घोषणाएं की गईं।उन्होंने कहा कि विद्यासागर की जन्मभूमि को देश के प्रमुख पर्यटन केंद्रों में शामिल करने के लिए काम किया जाएगा। स्कूल और पुस्तकालयों में विद्यासागर की पुस्तकों को उपलब्ध कराने पर भी उन्होंने जोर दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता