विभिन्न मांगों को लेकर किसान सभा ने महकमा परिषद के सीईओ को सौंपा ज्ञापन
सिलीगुड़ी, 10 सितंबर (हि. स.)। विभिन्न मुद्दों को लेकर अखिल भारतीय किसान सभा ने गुरुवार को सिलीगुड़ी महकमा परिषद के सीईओ को ज्ञापन सौंपा। किसान सभा के प्रतिनिधियों ने आरोप लगाया कि सभाधिपति के इस्तीफे के बाद से लंबे समय से महकमा परिषद का कामकाज लगभग ठप पड़ा है। इसे लेकर प्रशासन की भूमिका पर भी सवाल उठाए गए।
ज्ञापन के माध्यम से किसान सभा ने कुल दस सवाल और मांगें रखी और अगले दस दिनों के भीतर जवाब देने की मांग की।
प्रतिनिधियों ने पूछा कि सामान्य सभा किस कानून के तहत बुलाई जा रही है और सभाधिपति के इस्तीफे के बाद परिषद का कामकाज किस प्रक्रिया के तहत चल रहा है। इसके अलावा ग्रामीण इलाकों में जर्जर सड़कों और बदहाल निकासी व्यवस्था, डेंगू की रोकथाम के लिए योजना की कमी, प्रधानमंत्री आवास योजना का सर्वे नहीं होने तथा 100 दिनों के काम के शुरू नहीं होने पर भी नाराजगी जताई गई।
किसान सभा ने ग्रामीण क्षेत्रों में पशु हाट बंद होने से किसानों को हो रही परेशानी का मुद्दा भी उठाया। साथ ही अन्नपूर्णा योजना, राशन, आवास और रोजगार योजनाओं से वंचित पात्र लोगों को दोबारा शामिल करने की मांग की गई। किसान सभा के प्रतिनिधियों ने प्रशासन से इन समस्याओं का जल्द समाधान करने की मांग की है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

