home page

विधानसभा अध्यक्ष संग दिल्ली रवाना हुए मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी

 | 
विधानसभा अध्यक्ष संग दिल्ली रवाना हुए मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी


कोलकाता, 02 जून (हि. स.)। पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी मंगलवार को अचानक दिल्ली रवाना हो गए। सॉल्टलेक स्थित भाजपा कार्यालय में आयोजित जनता दरबार कार्यक्रम समाप्त करने के बाद मुख्यमंत्री हुगली के तारकेश्वर पहुंचे, जहां उन्होंने बाबा तारकनाथ के दर्शन किए। तारकेश्वर से लौटने के तुरंत बाद वह दिल्ली के लिए रवाना हो गए। उनके साथ पश्चिम बंगाल विधानसभा के अध्यक्ष रथींद्र बसु भी दिल्ली गए हैं।

सोमवार को राज्य मंत्रिमंडल का विस्तार हुआ था, जिसमें 35 नए मंत्रियों ने शपथ ग्रहण की। इसके ठीक अगले दिन मुख्यमंत्री का यह आकस्मिक दिल्ली दौरा राजनीतिक रूप से काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। नवान्न सूत्रों के अनुसार, केंद्र सरकार के एक महत्वपूर्ण और आपातकालीन बुलावे पर मुख्यमंत्री को दिल्ली जाना पड़ा है।

सूत्रों के अनुसार, मुख्यमंत्री दिल्ली में कुछ जरूरी कार्यक्रमों और बैठकों में हिस्सा लेने के बाद मंगलवार रात ही कोलकाता लौट आएंगे। हालांकि उनकी यात्रा के एजेंडे को लेकर आधिकारिक तौर पर कोई विस्तृत जानकारी नहीं दी गई है।

इस बीच, विपक्षी दल तृणमूल कांग्रेस विधायकों के हस्ताक्षर विवाद को लेकर आंतरिक संकट और राजनीतिक अस्थिरता का सामना कर रही है। पार्टी के भीतर चल रहे इस विवाद ने राज्य की राजनीति में हलचल पैदा कर दी है। ऐसे समय में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी का दिल्ली दौरा और विधानसभा अध्यक्ष रथींद्र बसु का उनके साथ जाना राजनीतिक गलियारों में कई तरह की अटकलों को जन्म दे रहा है।

मुख्यमंत्री और विधानसभा अध्यक्ष की इस अचानक दिल्ली यात्रा ने न केवल राज्य की राजनीति में बल्कि आम लोगों के बीच भी उत्सुकता बढ़ा दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय