लंबित शिक्षक भर्ती प्रक्रिया जल्द पूरी करने की मांग, एसएससी कार्यालय तक रैली
कोलकाता, 22 सितंबर (हि. स.)। पश्चिम बंगाल में शिक्षक भर्ती प्रक्रिया में तेजी लाने की मांग को लेकर मंगलवार को बंगाल अनटेंटेड टीचर्स एसोसिएशन (डब्ल्यूबीयूटीए) के सदस्यों ने स्कूल सर्विस कमीशन (एसएससी) मुख्यालय तक रैली निकाली। रैली में करीब 200 शिक्षक शामिल हुए।
रैली करुणामयी स्थित क्रिकेट स्टेडियम के पास से शुरू होकर एसएससी मुख्यालय तक पहुंची। संगठन के सदस्यों ने वर्ष 2025 में आयोजित द्वितीय स्टेट लेवल सिलेक्शन टेस्ट के तहत चल रही भर्ती प्रक्रिया को जल्द पूरा करने की मांग की।
प्रदर्शनकारियों ने कक्षा 11 और 12 के शिक्षकों की भर्ती के लिए शेष काउंसलिंग प्रक्रिया जल्द पूरी करने तथा सत्यापन के लिए बुलाए गए अभ्यर्थियों के साक्षात्कार तत्काल शुरू करने की मांग की। इसके साथ ही ग्रुप सी और ग्रुप डी पदों पर भर्ती प्रक्रिया भी शीघ्र पूरी करने की मांग उठाई।
डब्ल्यूबीयूटीए ने 'न्याय, अवसर और सुनिश्चित नियुक्ति' की मांग को प्रमुखता से उठाया। संगठन के नेता मृण्मय मंडल ने कहा कि नई भाजपा सरकार को अप्रैल 2025 के सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद नौकरी गंवाने वाले 25 हजार 753 शिक्षकों की नियुक्ति सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम उठाने चाहिए। सुप्रीम कोर्ट ने 2016 की भर्ती प्रक्रिया को दूषित और अवैध करार दिया था।
संगठन ने कहा कि भर्ती प्रक्रिया में लंबित चरणों को शीघ्र पूरा करने से अभ्यर्थियों को लंबे समय से चली आ रही अनिश्चितता से राहत मिलेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

