रेलवे के बेदखली नोटिस पर बवाल, कटिहार में सुनवाई के फैसले का विरोध
सिलीगुड़ी, 24 जुलाई (हि. स.)। रेलवे के बेदखली नोटिस को लेकर सिलीगुड़ी नगर निगम के वार्ड नंबर 28 में तनाव और चिंता का माहौल बना हुआ है। रेलवे प्रशासन द्वारा 24 और 27 जुलाई को प्रस्तावित सुनवाई (हियरिंग) का स्थान कटिहार तय किए जाने पर शुक्रवार को स्थानीय निवासियों ने कड़ा विरोध जताया है।
निवासियों का कहना है कि कटिहार दूर होने के कारण वहां जाकर अपनी बात रखना अधिकांश प्रभावित परिवारों के लिए संभव नहीं है। इसी मुद्दे को लेकर पूर्व माकपा पार्षद जय चक्रवर्ती के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने सिलीगुड़ी के अतिरिक्त मंडल रेल प्रबंधक (एडीआरएम) कार्यालय में ज्ञापन सौंपा और मांग की कि सुनवाई स्थानीय स्तर पर ही आयोजित की जाए।
पूर्व माकपा पार्षद जय चक्रवर्ती ने स्पष्ट किया कि बेदखली जैसे संवेदनशील मुद्दे पर प्रभावित लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करना बेहद जरूरी है। लेकिन दूरस्थ स्थान पर सुनवाई रखने से कई परिवार अपनी बात नहीं रख पाएंगे। इस पर एडीआरएम कार्यालय की ओर से आश्वासन दिया गया है कि जिन लोगों को नोटिस मिला है, उन्हें कटिहार जाने की आवश्यकता नहीं होगी और इस विषय में आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। रेलवे की इस प्रतिक्रिया के बाद स्थानीय लोगों में कुछ हद तक राहत देखी जा रही है। हालांकि अंतिम निर्णय और आगे की कार्रवाई को लेकर स्थिति अभी भी स्पष्ट नहीं है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

