रिषड़ा में अंडरपास कार्य के लिए रातभर ट्रेन सेवाएं बंद, कई रूट प्रभावित
हुगली, 28 मार्च (हि. स.)। पूर्व रेलवे ने रिषड़ा में अंडरपास निर्माण कार्य के चलते शनिवार रात 10:40 बजे से रविवार सुबह सात बजे तक ट्रेन सेवाएं अस्थायी रूप से बंद रखने की घोषणा की है।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, कार्य के दौरान पावर ब्लॉक लिया जाएगा, जिसके कारण इस अवधि में ट्रेनों का संचालन पूरी तरह ठप रहेगा। यात्रियों को पहले ही इसकी सूचना दे दी गई है और स्टेशनों पर माइकिंग के जरिए लगातार घोषणा की जा रही है।
रिषड़ा शहर में पूर्व और पश्चिम हिस्सों के बीच आवागमन के लिए स्टेशन के पास स्थित रेल फाटक पर लंबे समय से जाम की समस्या बनी रहती है। गेट बंद होने पर लोगों को काफी देर तक इंतजार करना पड़ता है, जिससे दैनिक यात्रियों को भारी परेशानी होती है।इस समस्या के समाधान के लिए वर्ष 2009 में तत्कालीन रेल मंत्री ममता बनर्जी ने रिषड़ा अंडरपास निर्माण की घोषणा की थी। हालांकि, पिछले कई वर्षों से इसका काम धीमी गति से चल रहा था। अब यह परियोजना अंतिम चरण में है और उम्मीद जताई जा रही है कि इसी वर्ष इसे आम लोगों के लिए खोल दिया जाएगा।
रेलवे के अनुसार, इस अवधि में हावड़ा-बर्धमान मेन लाइन, हावड़ा-बैंडेल, हावड़ा-कटवा, हावड़ा-तारकेश्वर और हावड़ा-आरामबाग रूट की कई ट्रेनें रद्द रहेंगी।
अधिकारियों ने बताया कि रविवार सुबह सात बजे के बाद सेवाएं बहाल कर दी जाएंगी, लेकिन ट्रेनों की संख्या कम रहने के कारण यात्रियों को कुछ असुविधा का सामना करना पड़ सकता है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

