राज्यपाल आरएन रवि की अध्यक्षता में 20 विश्वविद्यालयों के कुलपतियों की बैठक, उच्च शिक्षा व्यवस्था की समीक्षा
सिलीगुड़ी, 09 जुलाई (हि. स.)। पश्चिम बंगाल के राज्यपाल आर. एन. रवि ने गुरुवार को उत्तर बंगाल विश्वविद्यालय के प्रशासनिक भवन में राज्य के 20 विश्वविद्यालयों के कुलपतियों और रजिस्ट्रारों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य राज्य की उच्च शिक्षा व्यवस्था और विश्वविद्यालयों के बुनियादी ढांचे की स्थिति का जायजा लेना था।
बैठक में आलिया विश्वविद्यालय, अलीपुरद्वार, बांकुड़ा, विश्व बंगला, कूचबिहार पंचानन वर्मा, दक्षिण दिनाजपुर, दार्जिलिंग हिल, डायमंड हार्बर महिला, गौड़बंग, हरिचांद-गुरुचांद, हिंदी, कन्याश्री, महात्मा गांधी, मुर्शिदाबाद महाराजा कृष्णनाथ, रायगंज, रानी रासमणि ग्रीन, साधु रामचंद्र मुर्मू, संस्कृत कॉलेज, सिधु-कानू-बिरसा और नेताजी सुभाष मुक्त विश्वविद्यालयों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। बैठक उत्तर बंगाल विश्वविद्यालय में आयोजित होने के बावजूद, उस विश्वविद्यालय के प्रतिनिधि इसमें शामिल नहीं हुए।
बैठक के दौरान कुलपतियों ने अपने-अपने विश्वविद्यालयों की मौजूदा स्थिति, प्रमुख समस्याएं और प्रशासनिक चुनौतियों को विस्तार से रखा। उन्होंने बुनियादी ढांचे की कमी, रजिस्ट्रार और वित्त अधिकारी जैसे अहम पदों पर रिक्तियां, प्रोफेसरों की नियुक्ति में देरी और अन्य शैक्षणिक व प्रशासनिक समस्याओं की ओर राज्यपाल का ध्यान आकर्षित किया।
इस अवसर पर राज्यपाल ने विश्वविद्यालयों में हर वर्ष नियमित रूप से दीक्षांत समारोह आयोजित करने, संस्थानों की स्व-आय बढ़ाने, स्किल डेवलपमेंट कार्यक्रमों को बढ़ावा देने और विभिन्न सर्टिफिकेट कोर्स शुरू करने पर जोर दिया। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि वे स्वयं विश्वविद्यालयों का दौरा कर समस्याओं का समाधान करने का प्रयास करेंगे।
हालांकि, बैठक के बाद राज्यपाल ने पत्रकारों से इस विषय पर कोई औपचारिक टिप्पणी नहीं की।
इस महत्वपूर्ण बैठक को राज्य की उच्च शिक्षा व्यवस्था में सुधार की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

