राज्य उत्सव का दर्जा मिलने के बाद चंदननगर में जगद्धात्री पूजा की भव्य शुरुआत, मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने किया उद्घाटन
हुगली, 13 नवंबर (हि. स.)। विश्वप्रसिद्ध चंदननगर की जगद्धात्री पूजा को इस वर्ष राज्य उत्सव का दर्जा मिलने के बाद शुक्रवार शाम मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी हेलीकॉप्टर से चंदननगर पहुंचे। उन्होंने ऐतिहासिक आदि मां जगद्धात्री पूजा मंडप का उद्घाटन कर मां के दर्शन किए और राज्यवासियों की सुख-शांति, समृद्धि एवं कल्याण की कामना की।
करीब एक किलो सोने और 10 किलो चांदी के आभूषणों से सुसज्जित मां की प्रतिमा के समक्ष मुख्यमंत्री ने पूजा-अर्चना की। इसके बाद वे मेरी मैदान पहुंचे, जहां उन्होंने जनसभा को संबोधित किया। मुख्यमंत्री के स्वागत में शहर की सड़कों, पूजा मंडपों और प्रमुख स्थलों को आकर्षक रोशनी से सजाया गया था।
कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण रानी घाट पर काशी और हरिद्वार की तर्ज पर आयोजित भव्य गंगा आरती रही। मुख्यमंत्री ने इसमें शामिल होकर आरती की। दीपों की रोशनी, शंखध्वनि और वैदिक मंत्रोच्चार से गंगा तट का माहौल भक्तिमय हो उठा।
चंदननगर की प्रसिद्ध विद्युत सज्जा में इस बार धार्मिक और ऐतिहासिक विषयों को विशेष स्थान दिया गया है। भगवान राम, सीता और हनुमान से जुड़े प्रसंगों पर आधारित आकर्षक झांकियों के साथ स्वतंत्रता सेनानियों के चित्र भी लगाए गए हैं।
चार दिवसीय छठ महापर्व के नहाय-खाय के अवसर पर मुख्यमंत्री ने राज्य सरकार की ओर से सभी छठ व्रतियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि बंगाल सभी धर्मों, संस्कृतियों और पर्वों का सम्मान करता है। जगद्धात्री पूजा और छठ भारतीय सांस्कृतिक परंपरा तथा सामाजिक एकता के प्रतीक हैं। हर पर्व आपसी भाईचारे, सद्भाव और एकजुटता का संदेश देता है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

