home page

राखी के बाजार में बढ़ी रौनक, जलपाईगुड़ी में ग्राहकों की उमड़ी भीड़; कस्टमाइज्ड चॉकलेट बनी खास आकर्षण

 | 
राखी के बाजार में बढ़ी रौनक, जलपाईगुड़ी में ग्राहकों की उमड़ी भीड़; कस्टमाइज्ड चॉकलेट बनी खास आकर्षण


जलपाईगुड़ी, 26 अगस्त (हि.स.)। रक्षाबंधन को लेकर जलपाईगुड़ी शहर के दिनबाजार में राखी का बाजार सजकर तैयार है। राखी की दुकानों पर खरीदारों की भीड़ उमड़ रही है। लाइटिंग वाली राखियों के साथ-साथ कार्टून के विभिन्न किरदारों की तस्वीर वाली राखियां बच्चों को खास तौर पर पसंद आ रही हैं। वहीं, अलग-अलग डिजाइन और रंगों की राखियां खरीदने के लिए छोटे-बड़े सभी ग्राहक दुकानों पर पहुंच रहे हैं।

मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने भी सभी लोगों से राखी उत्सव मनाने की अपील की है। ऐसे में राखी बाजार के और अधिक चहल-पहल वाला होने की उम्मीद विक्रेताओं को है। दुकानदारों का कहना है कि इस बार बिक्री अच्छी रहने की संभावना है।

इसी बीच, राखी उत्सव को लेकर जलपाईगुड़ी के आनंदचंद्र कॉलेज की चतुर्थ वर्ष की छात्रा लिजा दास अपने अनोखे चॉकलेट डिजाइन को लेकर चर्चा में हैं। शहर के बोसपाड़ा की रहने वाली लिजा ने भाई-बहनों के लिए अलग-अलग थीम पर कस्टमाइज्ड चॉकलेट तैयार की हैं।

लिजा ने भाइयों के लिए बैट और कोट के आकार की चॉकलेट बनाई है, जबकि बहनों के लिए मेकअप किट, बैग और ड्रेस के आकार में चॉकलेट तैयार की हैं। करीब एक साल पहले महज शौक के तौर पर इस तरह की चॉकलेट बनाना शुरू करने वाली लिजा अब सोशल मीडिया पर ‘चोको ब्लूम बाई लिजा’ के नाम से पहचान बना चुकी हैं।

उनकी बनाई चॉकलेट की कीमत 100 रुपये से शुरू होती है। चॉकलेट के कॉम्बो बॉक्स के साथ राखी मुफ्त दी जा रही है। वहीं, 999 रुपये की खरीदारी पर ग्राहकों को बेंटो केक भी उपहार के तौर पर दिया जा रहा है।

पढ़ाई के साथ-साथ लिजा अपने हुनर को व्यवसाय का रूप देकर आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ रही हैं। राखी के मौके पर उनके कस्टमाइज्ड चॉकलेट उत्पाद भाई-बहनों के लिए खास उपहार का विकल्प बनकर सामने आए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय