रंग के काम का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म का आरोप, आरोपित गिरफ्तार
हुगली, 28 अगस्त (हि.स.)। हुगली के कोन्नगर के कानाईपुर इलाके में रंग के काम का झांसा देकर 28 वर्षीय युवती से दुष्कर्म करने का आरोप सामने आया है। पीड़िता की शिकायत के आधार पर गुरुवार रात पुलिस ने आरोपित प्रताप सांतरा को गिरफ्तार किया है।
आरोप है कि बांसबेड़िया निवासी युवती को आरोपित प्रताप सांतरा ने कानाईपुर स्थित एक मकान में रंग का काम दिलाने के नाम पर बुलाया था। गुरुवार सुबह करीब साढ़े 10 बजे मकान में किसी अन्य व्यक्ति के मौजूद नहीं होने का फायदा उठाकर आरोपित ने युवती के साथ जबरदस्ती दुष्कर्म किया।
पीड़िता का आरोप है कि घटना के बाद आरोपित ने पैसे देकर मामले को दबाने और उसे चुप रहने के लिए कहा। हालांकि, युवती ने समझौता करने से इनकार करते हुए कानाईपुर पुलिस चौकी में शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद उत्तरपाड़ा स्टेट जनरल अस्पताल में उसका चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया।
पीड़िता ने बताया कि वह उस दिन पहली बार रंग के काम के लिए वहां गई थी। मकान में दो प्लंबर काम कर रहे थे। उनके चले जाने के बाद आरोपित ने उसके साथ जबरदस्ती की। पीड़िता के मुताबिक, घटना के बाद आरोपित ने उसे पैसे देकर मामला दबाने की कोशिश की।
पीड़िता ने कहा, “पैसे से ज्यादा सम्मान जरूरी है। मैं आरोपित को कड़ी सजा दिलाना चाहती हूं।”
घटना की जानकारी मिलने के बाद पीड़िता के पति कानाईपुर पहुंचे और पत्नी को लेकर उत्तरपाड़ा स्टेट जनरल अस्पताल गए। परिजनों का आरोप है कि अस्पताल में चिकित्सक के लिए उन्हें काफी देर तक इंतजार करना पड़ा।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, शिकायत के आधार पर आरोपित प्रताप सांतरा को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

