मेदिनीपुर में जागरूकता अभियान के बावजूद खेतों में जलाई जा रही धान की पराली
मेदिनीपुर, 28 नवंबर (हि.स.)। पश्चिम बंगाल के पश्चिम मेदिनीपुर जिले में धान की कटाई के बाद खेतों में बची पराली और फसल के अवशेष जलाने का सिलसिला जारी है। कृषि विभाग की ओर से लगातार जागरूकता अभियान चलाए जाने के बावजूद किसान खेतों में पराली जला रहे हैं। इससे आसपास के क्षेत्रों में धुआं फैल रहा है और वायु प्रदूषण को लेकर चिंता बढ़ रही है।
अमान धान की कटाई का मौसम शुरू होने के साथ ही जिले के विभिन्न इलाकों में हार्वेस्टर मशीनों और मजदूरों की सहायता से फसल काटी जा रही है। धान की कटाई के बाद खेतों में बची जड़ों और पुआल को किसान अगली फसल की तैयारी के लिए जला दे रहे हैं। विशेष रूप से आलू और रबी फसलों की खेती के लिए खेत खाली करने के उद्देश्य से यह तरीका अपनाया जा रहा है।
बताया गया है कि शालबनी, चंद्रकोणा, केशपुर और गड़बेत्ता सहित जिले के कई इलाकों में पराली जलाने की घटनाएं सामने आ रही हैं। इससे निकलने वाला धुआं वातावरण में फैल रहा है। पर्यावरण प्रदूषण के साथ ही खेतों की उर्वरता पर भी इसका प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका है।
किसानों के एक वर्ग का कहना है कि आलू की खेती का समय नजदीक आ गया है। ऐसे में कम समय में खेतों को अगली फसल के लिए तैयार करना उनकी मजबूरी है। शालबनी के दीपक बेरा, चंद्रकोणा के देवदीप घोष और गड़बेत्ता के पलाश पात्र ने बताया कि आकवान चक्रवात के प्रभाव से हुई असमय बारिश के कारण किसानों को काफी नुकसान हुआ है। खेतों में धान की फसल भी प्रभावित हुई है। इसके अलावा आलू की खेती का समय निकलता जा रहा है। ऐसे में खेतों से पराली हटाने के लिए पर्याप्त समय और मजदूर नहीं मिल रहे हैं। इसी कारण किसान खेतों में बचे धान के पुआल और अवशेषों को जला रहे हैं।
दूसरी ओर, कृषि विभाग की ओर से हर वर्ष किसानों को पराली नहीं जलाने के लिए जागरूक किया जाता है। किसानों को फसल के अवशेषों के निस्तारण के वैकल्पिक तरीकों की जानकारी देने के साथ ही पराली जलाने से पर्यावरण और जमीन को होने वाले नुकसान के बारे में भी बताया जाता है।
पश्चिम मेदिनीपुर जिला कृषि विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि किसानों को लगातार जागरूक करने का प्रयास किया जा रहा है। इसके बावजूद पराली जलाने की घटनाएं सामने आ रही हैं। आने वाले दिनों में इस संबंध में जागरूकता अभियान को और तेज किया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

