मेदिनीपुर और खड़गपुर में आज से यातायात नियंत्रण, लागू होंगे प्रतिबंध
मेदिनीपुर, 15 अक्टूबर (हि. स.)। दुर्गा पूजा के दौरान बढ़ती भीड़ और जाम की समस्या को देखते हुए पश्चिम मेदिनीपुर जिले के मेदिनीपुर और खड़गपुर शहर में गुरुवार (पंचमी) से यातायात नियंत्रण लागू किया जा रहा है। पुलिस प्रशासन ने इसकी जानकारी देते हुए आम लोगों और वाहन चालकों को सतर्क रहने की अपील की है।
पुलिस के अनुसार, 15 अक्टूबर से प्रतिदिन दोपहर तीन बजे से अगले दिन सुबह तीन बजे तक निर्धारित क्षेत्रों में ऑटो, टोटो और अन्य वाहनों की आवाजाही पर प्रतिबंध रहेगा। इस संबंध में पुलिस की ओर से माइक के माध्यम से प्रचार कर लोगों और वाहन चालकों को पहले ही सूचित किया जा रहा है।
दुर्गा पूजा के दौरान शहर की प्रमुख सड़कों पर प्रतिमा दर्शन के लिए बड़ी संख्या में लोग निकलते हैं। शाम के बाद भीड़ बढ़ने से यातायात जाम की स्थिति पैदा होती है। इसे देखते हुए श्रद्धालुओं की सुरक्षित आवाजाही और सड़कों पर पैदल चलने वालों की सुविधा सुनिश्चित करने के लिए यह कदम उठाया गया है।
यातायात नियंत्रण के साथ ही शहर के प्रमुख मार्गों और चौराहों पर पर्याप्त संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी। भीड़ को नियंत्रित करने, वाहनों की आवाजाही पर नजर रखने और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए विशेष निगरानी भी की जाएगी। पुलिस ने लोगों से निर्धारित यातायात निर्देशों का पालन करने की अपील की है। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
सामाजिक कार्यकर्ताओं का कहना है कि दुर्गा पूजा के दौरान भारी भीड़ के कारण सड़कों पर पैदल चलना भी मुश्किल हो जाता है। ऐसे में यातायात नियंत्रण से लोगों को सुविधा मिलेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

