मुर्शिदाबाद में हत्या, जांच में जुटी पुलिस
मुर्शिदाबाद, 15 दिसंबर (हि.स.)। जिले के फरक्का थाना अंतर्गत एनटीपीसी के केंदुआ ऐशपॉन्ड में एक शख्स ने अपने छोटे भाई के हत्या के आरोपित की रविवार देर रात के धारदार हथियार से हत्या कर दी।
मृतक की पहचान 48 वर्षीय आलम शेख के रूप में हुई है। वे ऐशपॉन्ड में नाइट वॉचमैन के रूप में काम करते थे। रविवार को काम पर जाते समय पन्ना शेख नामक व्यक्ति ने धारदार हथियार से उनकी हत्या कर दी। फरक्का थाने की पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हालांकि, सोमवार सुबह तक किसी को गिरफ्तार नहीं किया गया है।
स्थानीय सूत्रों से पता चला है कि 2015 में ग्रामीण विवाद के कारण जोड़पुकुरिया गांव में एक हत्या हुई थी। आरोप है कि पन्ना शेख के भाई तौफिक शेख को घर से घसीटकर बाहर निकाला गया हत्या कर दी गई थी। मृतक आलम शेख सहित कई लोगों के खिलाफ हत्या का आरोप लगा था। उनके खिलाफ फरक्का थाने में मामला दर्ज किया गया था। पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया था। लंबे समय तक जेल में रहने के बाद आलम शेख को जमानत मिली। भाई तौफिक शेख की हत्या के बाद बड़े भाई पन्ना शेख जान के खतरे के डर से गांव छोड़कर भाग गया था।
बताया जाता है कि करीब दो महीने पहले पन्ना शेख लंबे समय बाद जोड़पुकुरिया गांव में वापस आया और रहने लगा। मृतक आलम शेख के बड़े भाई नबी शेख तृणमूल कांग्रेस के स्थानीय नेता हैं। नबी शेख की पत्नी हसनारा बीबी तृणमूल कांग्रेस की फरक्का पंचायत समिति की सदस्य हैं।
रविवार रात को आलम शेख एनटीपीसी के केंदुआ ऐशपॉन्ड में नाइट वॉचमैन का काम करने जा रहे थे। आरोप है कि पन्ना शेख सहित कुछ लोगों ने उन पर हमला कर दिया। आलम शेख को धारदार हथियार से हत्या करने के बाद वे इलाके से भाग गए। घटनास्थल पर ही आलम शेख की मौत हो गई। बाद में पुलिस ने घटनास्थल पर जाकर शव को बरामद कर जंगीपुर महकमा अस्पताल भेज दिया।
मृतक के बड़े भाई नबी शेख ने बताया, पन्ना के गांव में वापस आने के बाद मैं आशंकित था। वह फिर से गांव में झगड़ा खड़ा करने की कोशिश कर रहा था। लेकिन मैंने सोचा भी नहीं था कि वह भाई को इतनी बेरहमी से मार देगा।
इस घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया है। पुलिस प्रशासन सतर्क है। किसी अप्रिय घटना से बचने के लिए इलाके में पुलिस तैनात कर दी गई है। पुलिस इस हत्या के कारणों की जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

