home page

मां के नाम एक पेड़ अभियान में शामिल हुए मंत्री भास्कर भट्टाचार्य, पैदल पहुंचे अदालत परिसर

 | 
मां के नाम एक पेड़ अभियान में शामिल हुए मंत्री भास्कर भट्टाचार्य, पैदल पहुंचे अदालत परिसर


हुगली, 05 जून (हि.स.)। राज्य सरकार की पहल पर पूरे पश्चिम बंगाल में मां के नाम एक पेड़ अभियान चलाया जा रहा है। इसी कार्यक्रम के तहत शुक्रवार को राज्य के प्रतिमंत्री भास्कर भट्टाचार्य ने श्रीरामपुर महकमा शासक (एसडीओ) कार्यालय परिसर के निकट पौधारोपण कर अभियान की औपचारिक शुरुआत की।

इस अवसर पर मंत्री ने विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों तथा स्वयंसेवी संगठनों के प्रतिनिधियों को पौधे वितरित किए और अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने का आह्वान किया। इसके बाद उन्होंने श्रीरामपुर थाना परिसर में भी पौधारोपण किया। मंत्री ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण और हरित आवरण बढ़ाने के लिए जनभागीदारी बेहद आवश्यक है तथा इस अभियान के माध्यम से लोगों को प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारी का एहसास कराया जा रहा है।

कार्यक्रम के बाद शाम को मंत्री भास्कर भट्टाचार्य अपने आवास से पैदल निकलकर श्रीरामपुर महकमा अदालत पहुंचे, जहां उन्होंने लॉ क्लर्क्स और अधिवक्ताओं से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने कहा कि मंत्री बनने के बाद उन्हें राज्य सरकार के प्रोटोकॉल का पालन करना पड़ता है, लेकिन वे अपनी जड़ों से जुड़े रहना चाहते हैं।

भास्कर भट्टाचार्य ने कहा, मैंने महसूस किया है कि यदि मैं अपनी जड़ों से कट जाऊं तो मेरा कोई अस्तित्व नहीं रहेगा। अदालत और यहां के लोग मेरे जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा रहे हैं। यह स्थान मेरे घर के काफी निकट है, इसलिए मैं पैदल ही यहां चला आया। दूर कहीं जाना होगा तो निश्चित रूप से सरकारी वाहन का उपयोग करूंगा।

उन्होंने आगे कहा कि अदालत उनकी पहचान का एक अहम केंद्र रही है और यहां के लोगों के साथ उनका आत्मीय संबंध है। मैं विधायक भी हूं और मंत्री भी, लेकिन अदालत से मेरा रिश्ता हमेशा बना रहेगा, उन्होंने कहा।

वकालत को लेकर पूछे गए एक सवाल पर मंत्री ने मुस्कुराते हुए कहा कि उनकी कानूनी प्रैक्टिस अब उनके जूनियर अधिवक्ताओं के माध्यम से चलती रहेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय