home page

महालया पर हुगली के गंगा घाटों पर पितरों की शांति के लिए किया गया तर्पण

 | 
महालया पर हुगली के गंगा घाटों पर पितरों की शांति के लिए किया गया तर्पण


हुगली, 10 अक्टूबर (हि.स.)। महालया की सुबह हुगली जिले के विभिन्न गंगा घाटों पर पितरों को तर्पण देने के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। पितृपक्ष की समाप्ति और देवपक्ष की शुरुआत के इस पावन अवसर पर लोगों ने गंगा में जल अर्पित कर अपने दिवंगत पूर्वजों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।

चुंचुड़ा के मयूरपंखी घाट, जोड़ाघाट और बकुलतला घाट सहित विभिन्न गंगा घाटों पर सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। घाटों पर पुरोहितों के मंत्रोच्चार के बीच विधि-विधान से तर्पण किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में लोगों ने गंगा में जल अर्पित कर अपने पूर्वजों को श्रद्धांजलि दी।

महालया के साथ ही बंगाल में दुर्गापूजा के आगमन का उल्लास भी तेज हो गया है। पितृपक्ष के समापन और देवपक्ष के शुभारंभ के इस विशेष अवसर पर गंगा घाटों पर धार्मिक आस्था और परंपरा का अनूठा संगम देखने को मिला।

गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन और आपदा प्रबंधन दल को तैनात किया गया। पुलिस की ओर से लाउडस्पीकर के माध्यम से लोगों को सावधानी बरतने और नदी के गहरे पानी में नहीं जाने की अपील की गई। ज्वार आने की आशंका को देखते हुए भी श्रद्धालुओं को सतर्क रहने की सलाह दी गई।

इसके अलावा स्पीड बोट के जरिए नदी में निगरानी की गई, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय