ममता बनर्जी का वर्चुअल संदेश : लोकतांत्रिक अधिकारों और नेताजी के सम्मान की रक्षा करने की अपील की
कोलकाता, 04 अगस्त (हि. स.)। पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने मंगलवार को कालीघाट स्थित अपने आवास से वर्चुअल संदेश जारी कर लोकतांत्रिक अधिकारों, राजनीतिक मामलों और नेताजी सुभाष चंद्र बोस के सम्मान सहित कई मुद्दों पर अपनी बात रखी।
नेताजी सुभाष चंद्र बोस के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि नेताजी देश के महान स्वतंत्रता सेनानियों में से एक थे और उनका सम्मान करना हर भारतीय का कर्तव्य है। उन्होंने युवाओं, छात्रों और आम लोगों से नेताजी के विचारों और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा करने की अपील की।
ममता बनर्जी ने आरोप लगाया कि मीडिया का एक वर्ग एकतरफा तरीके से काम कर रहा है। उन्होंने दावा किया कि उनकी पार्टी के कार्यकर्ताओं और आम लोगों के खिलाफ हजारों मामले दर्ज किए गए हैं तथा राजनीतिक कार्यक्रमों की अनुमति देने में भेदभाव किया जा रहा है।
पूर्व मुख्यमंत्री ने जांच एजेंसियों के कथित दुरुपयोग, रोजगार के मुद्दे और सरकारी योजनाओं को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि जनता के हित, रोजगार और सामाजिक सुरक्षा को प्राथमिकता दी जानी चाहिए।
ममता बनर्जी ने समाज में एकता और सांप्रदायिक सद्भाव बनाए रखने पर जोर देते हुए कहा कि वह पद या सत्ता के लिए नहीं, बल्कि लोगों के हितों के लिए काम करती हैं। उन्होंने अपने संबोधन का समापन “जय हिंद, वंदे मातरम और जय नेताजी” के नारों के साथ किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

