home page

मंत्री सुमना सरकार ने किया रामनगर में गंगा कटाव प्रभावित क्षेत्र का दौरा, कटाव रोकने के लिए राशि आवंटित

 | 
मंत्री सुमना सरकार ने किया रामनगर में गंगा कटाव प्रभावित क्षेत्र का दौरा, कटाव रोकने के लिए राशि आवंटित


हुगली, 15 जुलाई (हि. स.)। पश्चिम बंगाल सरकार की राज्य मंत्री सुमना सरकार ने बुधवार को हुगली जिले के कुंतीघाट रामनगर स्थित गंगा कटाव प्रभावित क्षेत्र का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय निवासियों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और कटाव रोकने के लिए शीघ्र प्रभावी कदम उठाने का आश्वासन दिया।

मंत्री ने कहा कि गंगा कटाव के कारण लंबे समय से इलाके के लोग भय और अनिश्चितता के बीच जीवन बिता रहे हैं। स्थिति को गंभीर मानते हुए प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई शुरू कर दी है। कटाव-रोधी कार्यों के लिए 39 लाख 74 हजार 464 रुपये की राशि स्वीकृत कर दी गई है।

उन्होंने बताया कि स्वीकृत धनराशि से जल्द ही गंगा कटाव रोकने का कार्य शुरू किया जाएगा, ताकि स्थानीय निवासियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके और उनके घरों तथा संपत्तियों को बचाया जा सके।

सुमना सरकार ने स्थानीय लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि मैं आपके घर की बेटी हूं और हमेशा आपके साथ खड़ी हूं। क्षेत्र के लोगों के हित में जो भी आवश्यक होगा, उसे प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा।

मंत्री के आश्वासन के बाद स्थानीय निवासियों में राहत का माहौल देखा गया। लोगों ने उम्मीद जताई कि प्रशासन की पहल से जल्द ही कटावरोधी कार्य शुरू होगा और वर्षों से चली आ रही समस्या का स्थायी समाधान निकलेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय