home page

भावादिघी रेल परियोजना का निरीक्षण करने पहुंचीं हावड़ा डिवीजन की जीएम गीतिका पांडे

 | 
भावादिघी रेल परियोजना का निरीक्षण करने पहुंचीं हावड़ा डिवीजन की जीएम गीतिका पांडे


हुगली, 21 अगस्त(हि. स.)। हुगली जिले के गोघाट स्थित भावादिघी इलाके में लंबे समय से चल रही रेल परियोजना के कार्यों की प्रगति का जायजा लेने शुक्रवार को पूर्व रेल के हावड़ा डिवीजन की जीएम गीतिका पांडे मौके पर पहुंचीं। उन्होंने क्षेत्र में पहुंचकर परियोजना से जुड़े विभिन्न निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान जीएम ने परियोजना की वर्तमान स्थिति, अब तक हुए कार्यों की प्रगति तथा निर्माण के दौरान सामने आ रही विभिन्न समस्याओं को लेकर संबंधित रेलवे अधिकारियों से जानकारी ली। उन्होंने परियोजना से जुड़े ठेकेदार से भी बातचीत की और कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।

अधिकारियों के साथ चर्चा के दौरान परियोजना को जल्द से जल्द पूरा करने और अनावश्यक देरी को दूर करने पर विशेष जोर दिया गया। जीएम ने संबंधित अधिकारियों को कार्यों की नियमित निगरानी करने तथा निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप परियोजना को आगे बढ़ाने के निर्देश दिए।

बताया जा रहा है कि भावादिघी रेल परियोजना लंबे समय से क्षेत्र के लोगों के लिए महत्वपूर्ण मुद्दा रही है। परियोजना में हो रही देरी के कारण स्थानीय लोगों में निराशा थी। ऐसे में हावड़ा डिवीजन की जीएम के स्थल निरीक्षण और कार्यों में तेजी लाने के निर्देश से स्थानीय लोगों में एक बार फिर उम्मीद जगी है।

निरीक्षण के बाद जीएम गीतिका पांडे ने परियोजना को जल्द पूरा करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाने की बात कही। रेलवे अधिकारियों ने भी परियोजना के कार्यों को गति देने के लिए आवश्यक समन्वय और निगरानी सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय