home page

भारतमाता मुर्दाबाद’ का नारा लगाने का आरोप, केष्टोपुर में मांस कारोबारी के सहायक की पिटाई, पुलिस को सौंपा

 | 

कोलकाता , 21 नवंबर (हि.स.)।

उत्तर 24 परगना के केष्टोपुर इलाके में ‘भारतमाता मुर्दाबाद’ का नारा लगाने के आरोप में एक व्यक्ति की स्थानीय लोगों ने जमकर पिटाई कर दी। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया। बाद में स्थानीय लोगों ने आरोपी को बागुईआटी थाना पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपी की पहचान एनामुल मोल्ला के रूप में हुई है। वह केष्टोपुर के 26 नंबर वार्ड स्थित एक मांस की दुकान में सहायक के तौर पर काम करता था। बताया जाता है कि वह मूल रूप से उत्तर 24 परगना जिले के हाबरा का निवासी है।

आरोप है कि कुछ दिन पहले एक सरकारी बस में सवार यात्री किसी कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान बस में कुछ लोग ‘भारतमाता की जय’ के नारे लगा रहे थे। तभी बगल से गुजर रही दूसरी बस में सवार एनामुल मोल्ला ने कथित तौर पर जवाब में ‘भारतमाता मुर्दाबाद’ का नारा लगाया। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो सामने आने के बाद से ही स्थानीय लोग आरोपी की तलाश कर रहे थे।

शनिवार को स्थानीय लोगों ने आरोपी को पकड़ लिया। इसके बाद आक्रोशित लोगों ने उसकी पिटाई कर दी। बाद में उसे बागुईआटी थाना पुलिस के हवाले कर दिया गया। स्थानीय लोगों ने आरोपी के कथित बयान को देश का अपमान बताते हुए उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। कुछ स्थानीय लोगों ने इस घटना के पीछे बांग्लादेश के जमात से फंडिंग होने की आशंका भी जताई है, हालांकि इस संबंध में अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

पुलिस वायरल वीडियो और पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। आरोपी ने वास्तव में क्या कहा था और घटना की वास्तविक परिस्थितियां क्या थीं, इसकी भी पड़ताल की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा