भारत-बांग्लादेश सीमा पर फंसे दस बांग्लादेशी, दो दिन बाद होल्डिंग सेंटर में शिफ्ट
जलपाईगुड़ी, 08 जून (हि. स.)। भारत-बांग्लादेश सीमा पर एक असामान्य स्थिति सामने आई, जहां दस बांग्लादेशी नागरिक दो दिनों तक ‘जीरो लाइन’ पर फंसे रहे। आरोप है कि उन्हें बांग्लादेश सीमा सुरक्षा बल (बीजीबी) की ओर से अपने देश में प्रवेश करने से रोक दिया गया।
जानकारी के अनुसार, ये सभी नागरिक भारत से बांग्लादेश लौटने की कोशिश कर रहे थे। लेकिन सीमा पार करते समय स्थानीय लोगों और बांग्लादेशी सुरक्षाबलों ने उन्हें अंदर जाने नहीं दिया। इस कारण वे भारत की सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) और बांग्लादेश की बीजीबी के बीच जीरो पॉइंट पर ही फंसे रहे।
इनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल थे, जिन्हें दो दिन तक धूप और बारिश के बीच वहीं इंतजार करना पड़ा। सोमवार सुबह बीएसएफ ने उन्हें वहां से हटाकर कोतवाली थाने लाया, जहां से बाद में जलपाईगुड़ी के रीजनल ट्रेनिंग सेंटर स्थित होल्डिंग सेंटर में भेज दिया गया।
बताया गया है कि ये दस लोग अलग-अलग बांग्लादेशी जिलों—जेसोर, कुस्टिया, चटगांव, सातखीरा और खुलना—के निवासी है। इनमें दो परिवार भी शामिल है। सभी भारत में अवैध रूप से रह रहे थे और हाल में अपने देश लौटने की कोशिश कर रहे थे।
कोतवाली थाना सूत्रों के मुताबिक, फिलहाल सभी को होल्डिंग सेंटर में रखा गया है और कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उन्हें बांग्लादेश भेजा जाएगा।
स्थानीय जनप्रतिनिधियों का कहना है कि अवैध घुसपैठियों को वापस भेजने के लिए केंद्र और राज्य सरकार को ठोस कदम उठाना चाहिए। इस घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है और सुरक्षा एजेंसियां स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

