बेलेघाटा में अवैध निर्माण पर बुलडोजर कार्रवाई, तृणमूल नेता राजू नस्कर के खिलाफ फूटा खरीदारों का गुस्सा
कोलकाता, 25 मई (हि. स.)। महानगर कोलकाता के बेलेघाटा इलाके में कथित अवैध निर्माण को लेकर सोमवार को भारी तनाव की स्थिति पैदा हो गई। कोलकाता नगर निगम द्वारा तृणमूल कांग्रेस नेता और प्रमोटर राजू नस्कर के निर्माणाधीन बहुमंजिली इमारत पर बुलडोजर कार्रवाई किए जाने के बाद फ्लैट खरीदारों का गुस्सा फूट पड़ा। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए मौके पर पुलिस और केंद्रीय बलों की तैनाती करनी पड़ी।
नगर निगम ने बेलेघाटा के 37 नंबर बड़ोयारितला रोड और 1-ईस्ट कुलिया रोड स्थित राजू नस्कर के दो बहुमंजिला प्रोजेक्ट्स को नोटिस जारी किया था। इन दोनों टावरों में कुल 16 फ्लैट बनाए जा रहे थे। इनमें से 1-ईस्ट कुलिया रोड स्थित निर्माणाधीन इमारत के एक हिस्से को नगर निगम ने ध्वस्त कर दिया।
कार्रवाई के बाद फ्लैट खरीदारों में दहशत फैल गई। सोमवार को कई खरीदार राजू नस्कर के कार्यालय पहुंचे, लेकिन वहां ताला लगा मिला। इसी दौरान स्कूटी से गुजर रहे एक युवक को लोगों ने “राजू का करीबी” बताकर घेर लिया और उसके साथ धक्का-मुक्की तथा मारपीट की। काफी देर तक इलाके में हंगामा चलता रहा।
प्रदर्शनकारी पपी दे ने आरोप लगाया कि उक्त युवक राजू नस्कर का करीबी सहयोगी है और फ्लैट बेचने के काम में शामिल था। उनका दावा है कि खरीदारों से लाखों रुपये लेने के बावजूद न तो एग्रीमेंट पेपर दिए गए और न ही बिल्डिंग प्लान दिखाया गया। सोमवार को दस्तावेज देने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन कार्यालय बंद मिला।
स्थानीय लोगों के अनुसार, जिन जमीनों पर निर्माण किया गया, वे दो बुजुर्ग महिलाओं की संपत्ति हैं। इनमें से एक हृदय रोग से पीड़ित हैं जबकि दूसरी विधवा हैं। मौजूदा स्थिति में वे भी असमंजस में हैं।
आरोप है कि इस परियोजना को लेकर पहले भी नगर निगम ने आपत्ति जताई थी। पिछले वर्ष सितंबर में भी निर्माण कार्य रोकने को कहा गया था, लेकिन उस समय राजू नस्कर ने कथित तौर पर मामला “देख लेने” का भरोसा दिया था। अब खरीदारों को अपनी जमा पूंजी और आवास दोनों के खतरे में पड़ने की आशंका सता रही है।
प्रभावित खरीदारों ने सोमवार दोपहर बेलेघाटा थाने पहुंचकर राजू नस्कर के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।
उल्लेखनीय है कि इसी वर्ष फरवरी में बेलेघाटा के एक निवासी को कथित तौर पर घर से उठाकर मारपीट करने के मामले में भी राजू नस्कर का नाम सामने आया था, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार किया था।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय

