home page

बीरभूम जाते समय केंद्रीय बल की गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त, तीन जवान और चालक घायल

 | 
बीरभूम जाते समय केंद्रीय बल की गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त, तीन जवान और चालक घायल


हुगली, 13 अप्रैल (हि. स.)। बीरभूम की ओर जाते समय केंद्रीय बल की एक गाड़ी सड़क दुर्घटना का शिकार हो गई। इस हादसे में केंद्रीय बल के तीन जवान और चालक घायल हो गए। दुर्घटना सोमवार तड़के 19 नंबर राष्ट्रीय राजमार्ग पर गुड़ाप थाना इलाके में हुई।

पुलिस के अनुसार, एक स्कॉर्पियो गाड़ी में आईटीबीपी के एक मेडिकल ऑफिसर, एक सीनियर कमांडेंट और एक सुरक्षाकर्मी सवार थे। वे राष्ट्रीय राजमार्ग से बीरभूम के मड़ग्राम की ओर जा रहे थे। जानकारी के मुताबिक, वे गुजरात से ट्रेन द्वारा पूर्व मेदिनीपुर के कांथी स्टेशन पहुंचे थे और वहां से स्कॉर्पियो गाड़ी से बीरभूम के लिए रवाना हुए।

गुड़ाप थाना इलाके में 19 नंबर राष्ट्रीय राजमार्ग पर उनकी गाड़ी की एक लॉरी से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि गाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। इस हादसे में चालक समेत गाड़ी में सवार सभी आईटीबीपी जवान घायल हो गए।

सूचना पाकर गुड़ाप थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को तत्काल निकालकर बर्धमान के एक निजी अस्पताल में इलाज के लिए भेजा।

हुगली ग्रामीण पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि सभी घायलों की हालत फिलहाल स्थिर है। घायलों के उचित इलाज की पूरी व्यवस्था की गई है और मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए जांच शुरू कर दी गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय