बीमार पड़े इंजीनियरिंग छात्र की अस्पताल में मौत
मेदिनीपुर, 25 सितंबर (हि. स.)। पूर्व मेदिनीपुर जिले के हल्दिया में एक निजी इंजीनियरिंग कॉलेज के प्रथम वर्ष के छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान बिहार के पटना निवासी आदित्य राय (20) के रूप में हुई है। गुरुवार शाम हॉस्टल में अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद सहपाठी उसे हल्दिया महकमा अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
आदित्य इसी वर्ष इंजीनियरिंग कॉलेज में दाखिल हुआ था और हॉस्टल में रहकर पढ़ाई कर रहा था। गुरुवार शाम अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई। इसके बाद हॉस्टल के साथी छात्रों ने उसे अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।
खबर लिखे जाने तक आदित्य की मौत का वास्तविक कारण स्पष्ट नहीं हो पाया था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे जाने की बात कही गई है। हल्दिया पुलिस ने परिवार से संपर्क किया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
हल्दिया महकमा के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार वर्मा ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही छात्र की मौत के वास्तविक कारण का पता चल सकेगा। मामले की जांच जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

